Sachkaaina

Home / मोहला / जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, मोबाइल एक्स-रे सेवा का किया निरीक्षण

जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, मोबाइल एक्स-रे सेवा का किया निरीक्षण

मोहला

जिला चिकित्सालय परिसर मोहला में आज स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 4 नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस वाहनों का विधिवत पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उक्त सभी एम्बुलेंस वाहन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौकी, मानपुर एवं मोहला के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र औंधी के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों के संचालन से क्षेत्र के ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में रहने वाले नागरिकों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं त्वरित रूप से प्राप्त हो सकेंगी, जिससे समय पर उपचार मिलना सुनिश्चित होगा और जनजीवन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती नम्रता सिंह ने नए मोबाइल एक्स-रे मशीन का भी निरीक्षण किया। यह अत्याधुनिक सुविधा अब गांव-गांव जाकर मरीजों की जांच करेगी, जिससे लोगों को जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता कम होगी और समय व संसाधनों की बचत होगी। यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और अधिक मजबूत बनाएगी।

श्रीमती नम्रता सिंह ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं और इसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!