मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी।
जिले के मोहला ब्लॉक ग्राम डुंडेरा में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय दो दिवसीय स्व. दाऊ दुलार सिंह मंद्राजी नाचा गम्मत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 17 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर 18 मार्च 2026 तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन जिला इकाई नाचा गम्मत लोक कलाकार कल्याण संघ मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, गौरी-गौरा मित्र मंडल एवं समस्त ग्रामवासी डुंडेरा द्वारा किया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा और नाचा गम्मत कला को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना है। दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
17 मार्च (मंगलवार) को शाम 7 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसमें माटी के सिन्दूर बुताकसा नाचा पार्टी अपनी प्रस्तुति देगी।
वहीं 18 मार्च (बुधवार) को विभिन्न नाचा पार्टियां अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी, जिनमें जय गंगा मइया छत्तीसगढ़ नाचा पार्टी डुंडेरा, आकाश गंगा नाचा पार्टी दाउटोला (कुमर्दी), अमर ज्योति नाचा पार्टी कल्लूरसेह, कार्तिक पूर्णिमा नाचा पार्टी मकके (पिलखोटी) तथा अखिला देवदास नाचा पार्टी छछनपहाड़ी मारुदकसा शामिल हैं।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कलाकारों की भागीदारी रहेगी तथा ग्रामीणों एवं संस्कृति प्रेमियों की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति का भव्य मंचन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लोक संस्कृति के इस महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गौरी-गौरा मित्र मंडल के सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहेगा।













