दुगाटोला (माटेवा) ग्राम में ₹4 लाख की लागत से निर्मित नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया एवं ग्रामवासियों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि सामुदायिक भवन ग्राम के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विकासात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। इससे ग्रामीणों को बैठकों, आयोजनों एवं सामूहिक कार्यक्रमों के लिए एक सशक्त मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों का सर्वांगीण विकास ही उनकी प्राथमिकता है और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना उनका निरंतर प्रयास है।

इस अवसर पर उन्होंने दुगाटोला स्थित प्राथमिक शाला का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों से पढ़ाई-लिखाई के विषय में आत्मीय संवाद किया एवं उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों से भी विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में अहिल्या बाई (सरपंच, मटेवा), खेमन बाई कोमरे (सरपंच, ककईपार), हीरा लाल (उप सरपंच, मटेवा), श्याम साय ठाकुर (पूर्व सरपंच, मटेवा), झूमुक लाल, रोशन कोला सहित ग्राम के वरिष्ठजन, महिलाएं, बच्चे एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
सभी ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के विकास कार्यों से क्षेत्र में सामाजिक एकता एवं विकास को नई गति मिलेगी।













