Sachkaaina

Home / बीजेपी / भक्त माता कर्मा जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, समाज के लिए भवन निर्माण की घोषणा

भक्त माता कर्मा जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, समाज के लिए भवन निर्माण की घोषणा

मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी जिले के परिक्षेत्र बिरझुटोला अंतर्गत ग्राम गीधाली में भक्त माता कर्मा जयंती का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।

अपने संबोधन में नम्रता सिंह ने भक्त माता कर्मा जी के जीवन, उनके त्याग, सेवा और समाज के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुटता, परिश्रम और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, समरसता एवं सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस दौरान साहू समाज के प्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों द्वारा समाज के सामुदायिक उपयोग हेतु एक भवन निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी गई। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए नम्रता सिंह ने मंच से ही समाज के लिए भवन निर्माण कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए एक सुसज्जित भवन अत्यंत आवश्यक है, जो आने वाले समय में समाज के विकास और संगठन को नई दिशा देगा।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भवन निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा, ताकि समाजजन शीघ्र ही इसका लाभ प्राप्त कर सकें। इस घोषणा से उपस्थित समाजजनों में हर्ष एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला साहू समाज के अध्यक्ष मदन साहू, जनपद सदस्य मोहला लक्ष्मी कोला, ग्राम पंचायत गीधाली की सरपंच जंतरी मरकाम, जिला साहू समाज के संरक्षक गिरीश साहू, महामंत्री मोहन साहू, कोषाध्यक्ष चेतन लाल साहू, महिला संगठन सचिव हिलेश्वरी साहू, शेष राम सर्वा, साहू समाज के अध्यक्ष जागेश्वर साहू सहित दिलीप कुमार साहू, रेवाराम साहू, संतुराम साहू, दुर्योधन साहू एवं ग्राम पटेल गीधाली दीपक मंडावी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ माता कर्मा जी की पूजा-अर्चना की गई तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण हो गया।

अंत में नम्रता सिंह ने इस सफल आयोजन के लिए समस्त आयोजकों एवं ग्रामवासियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की तथा समाज की निरंतर उन्नति और खुशहाली की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!