बालोद शहर में आगामी 15 फरवरी 2026 को भगवान महादेव की भव्य शोभायात्रा और उससे जुड़े विविध धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर जोरदार तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस पावन अवसर पर पूरा शहर शिवभक्ति, श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में डूबने वाला है। बोल बम आयोजक समितियों के साथ-साथ शिवभक्तों में भी इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
दिखेगी विविध झलकियां,,

आयोजकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत सुबह महादेव की भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। इस शोभायात्रा में ॐ श्री राम कृपा धुमाल दुर्ग (बोरसी) एवं मां कालिका काली ग्रुप की विशेष सहभागिता रहेगी, जो अपनी भव्य प्रस्तुतियों से यात्रा को ऐतिहासिक रूप देने जा रहे हैं। यात्रा में भगवान शिव की अत्यंत आकर्षक झांकी ‘भोले की बारात’ सजाई जाएगी, जिसमें भोलेनाथ के विवाह प्रसंग को जीवंत रूप में दर्शाया जाएगा। यह झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, धुमाल की गूंज और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठेगा। बल्लू Stag SFX द्वारा प्रस्तुत अत्याधुनिक साउंड इफेक्ट्स और भक्ति संगीत यात्रा को और अधिक ऊर्जावान व रोमांचक बनाएंगे। वहीं, समय-समय पर होने वाली भव्य आतिशबाजी से वातावरण दिव्य और उत्सवपूर्ण बन जाएगा।
शोभायात्रा के पश्चात शाम 4 बजे से अटल में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शिवभजन, भक्ति प्रस्तुतियां एवं अन्य धार्मिक गतिविधियां शामिल रहेंगी। दिनभर चलने वाले इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य भगवान महादेव की भक्ति को जन-जन तक पहुंचाना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना और सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाना है।

बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील,,
बोल बम आयोजन समितियों ने समस्त नगरवासियों, शिवभक्तों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य आयोजन में शामिल हों और पुण्य लाभ अर्जित करें। माना जा रहा है कि महादेव की यह शोभायात्रा और उससे जुड़े आयोजन शहर के इतिहास में एक अविस्मरणीय और भव्य शिवभक्ति महोत्सव के रूप में दर्ज होंगे।












