आज मोहला के दशहरा मैदान में मितानिन बहनों द्वारा “स्वस्थ पंचायत सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उन्होंने मितानिन बहनों से सीधा संवाद कर उनके कार्यों, अनुभवों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों की जानकारी ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नम्रता सिंह ने कहा कि मितानिन बहनें गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, स्वच्छता और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने में मितानिन बहनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा करते हुए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही हैं, जो सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में मितानिन बहनों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। इस दौरान नम्रता सिंह ने मितानिन बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह सेवा भाव से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में मितानिन बहनों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर संगीता मिश्रा (अध्यक्ष, भाजपा जिला महिला मोर्चा), अनिल गुप्ता (भाजपा जिला महामंत्री), गमिता लौनहारे, डॉ. मंडावी (सीएमएचओ, मोहला-मानपुर-चौकी) सहित मोहला ब्लॉक की समस्त मितानिन बहनें एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।