बालोद जिला मुख्यालय के टाउन हॉल में आज मंगलवार को विश्व क्षय दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन में छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस चेयरमैन और जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, वार्ड नंबर 13 के पार्षद सुनीता मनहर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जेएल उइके, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अखिलेश शर्मा, नोडल डॉ जी आर रावटे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ जितेंद्र सिंह, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण नायक मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के तेलचित्र पर पूजा अर्चना के साथ हुई। जिसके बाद राष्ट्रीय और राजकीय गीत का गायन किया गया। इस दौरान आयोजन में पहुंचे अतिथियों को विभाग द्वारा सम्मानित भी किया गया।
रंगोली और पेंटिंग के माध्यम से बताए नशे के दुष्प्रभाव
आयोजन में मारुति इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग और भारत इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग की छात्राओं द्वारा बनाए गए रंगोली और पेंटिंग का अवलोकन किया गया। छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से नशे से होने वाले दुष्प्रभाव और टीवी मुक्ति के लिए दिए जाने वाले संदेश को अतिथियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम में मौजूद जिले के 10 टीबी मरीजों को स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से केंद्र सरकार की योजना के तहत निश्चय पोषण योजना के पोषण आहार का वितरण अतिथियों ने किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने क्षय रोग समाप्त करने की शपथ दिलाई और टीबी से अपने, अपने परिवार, सहकर्मियों और पड़ोसियों को दूर रखने का संकल्प लिया।
सीएमएचओ ने दी टीबी से जुड़ी जानकारी
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जेएल ने आयोजन में मौजूद लोगों को टीवी उन्मूलन से जुड़ी जानकारी दी। सीएमएचओ डॉ उइके ने बताया कि वर्ष 2025 में जनवरी माह से लेकर दिसंबर माह तक 14 हजार 313 लोगों की जांच की गई जिसमें से 786 टीबी के मरीज सामने आया। इन सभी का इलाज जिला क्षय उन्मूलन केंद्र से जारी है। उन्होंने कहा कि टीबी बीमारी से डरने की जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार टीबी से निजाद पाने के लिए कई तरह की योजनाएं संचालित कर रही है जिसके माध्यम से निःशुल्क उपचार किया जाता है और बड़ी आसानी से टीबी की बीमारी से छुटकारा पाया जा सकता है।
जागरूकता ही बीमारी का बचाव : प्रतिभा
आयोजन में मौजूद नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जागरूकता ही बीमारी का बचाव है। दैनिक जीवन में सुबह से लेकर शाम रात तक जो भी क्रियाकलाप करते हैं उसमें कई ऐसी बारीकियां है जैसे हाथ धोकर भोजन करना, नशे से दूर रहने जैसे कामों से बीमारियों से दूर रह सकते हैं। रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन तोमन साहू ने बालोद जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मुक्त बालोद बनाए जाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
टीबी के मापदंडों को पूरा करने वाले पंचायत हुए सम्मानित
केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित टीबी के छह मापदंड टीबी मरीजों के जांच, टीबी नोटिफिकेशन, पूर्ण सफल उपचार दर, दवा प्रतिरोधक जांच, निक्षय पोषण योजना, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान पोषण सहायता को पूरा करने वाले 96 पंचायतों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से सम्मानित किया गया। जिसमें तीन साल तक मापदंडों को पूरा करने वाले 3 पंचायत को गोल्ड, दो साल तक मानदंड को पूरा करने वाले 36 पंचायत को रजत और एक साल तक पूरा करने वाले 57 पंचायतों को कांस्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं नर्सिंग इंस्टीट्यूट के छात्रों द्वारा बनाए गए रंगोली और पेंटिंग की प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय टीबी प्रभाग निक्षय निरामय अभियान 2.0 की लॉन्चिंग गई और अतिथियों ने निक्षय निरामय रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।