Sachkaaina

Home / Uncategorized / मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने चाक पर गढ़ा दीया’

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने चाक पर गढ़ा दीया’

कोरिया, 17 फरवरी 2026/* छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का एक अलग ही रूप उस समय देखने को मिला, जब वे कुम्हार के चाक पर स्वयं मिट्टी का दीया और कलश गढ़ने लगे। अवसर था सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक का, जिसमें शामिल होने वे कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर पहुंचे थे।

जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक के साथ ही परिसर में स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। इसी प्रदर्शनी में सोनहत विकासखंड के ग्राम चकडड़ निवासी शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति इलेक्ट्रिक चाक पर मिट्टी से दीया और कलश बनाने का सजीव प्रदर्शन कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय शिल्पकार प्रजापति के स्टॉल पर पहुंचे। कुछ देर तक उन्होंने उनकी शिल्पकला का बारीकी से अवलोकन किया। कला के प्रति उत्सुकता इतनी बढ़ी कि उन्होंने स्वयं चाक पर हाथ आजमाने की इच्छा जाहिर की। देवी दयाल की सहमति से मुख्यमंत्री ने घूमते हुए चाक पर रखी गीली मिट्टी को हाथों से साधा और देखते ही देखते उसे सुंदर दीये का आकार दे दिया।

मुख्यमंत्री की सहज कुशलता देख स्वयं शिल्पकार देवी दयाल भी आश्चर्यचकित रह गए। उपस्थित जनसमूह ने इस दृश्य को उत्साह और तालियों के साथ सराहा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कुम्हार देवी दयाल प्रजापति से उनके व्यवसाय, आय और परिवार की जानकारी ली तथा उन्हें शासन की विभिन्न स्वरोजगार एवं कारीगर हितैषी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।मुख्यमंत्री का यह आत्मीय और सहज व्यवहार न केवल स्थानीय कारीगरों के लिए प्रेरणादायक रहा, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि शासन की प्राथमिकता में पारंपरिक शिल्प और ग्रामीण आजीविका को सशक्त करना शामिल है।

स्टाल प्रदर्शनी के इस अवसर पर कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राम विचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय, सांसद श्री चिंतामणि महाराज, विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, एसपी रविकुमार कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!