Sachkaaina

Home / युवा मोर्चा / बालोद में ऑनलाइन सट्टा, नशे और चाकूबाजी पर सख्ती की मांग, भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

बालोद में ऑनलाइन सट्टा, नशे और चाकूबाजी पर सख्ती की मांग, भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

ऑनलाइन बेटिंग, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग, युवाओं के भविष्य और कानून-व्यवस्था पर जताई चिंता

बालोद। जिले में ऑनलाइन सट्टा-पट्टी, जुआ, अवैध शराब, नशीले पदार्थों के कारोबार और बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला बालोद के जिलाध्यक्ष एवं जनपद पंचायत गुंडरदेही के सभापति गुलशन कुमार साहू ने पुलिस अधीक्षक बालोद को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने जिले में संचालित अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की मांग की है।

ज्ञापन में गुलशन कुमार साहू ने कहा कि जिले में इन दिनों ऑनलाइन सट्टा-पट्टी और जुआ का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है। विभिन्न मोबाइल एप, टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को इस नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए भी जिले में सट्टेबाजी का संचालन किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

उन्होंने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि ऑनलाइन सट्टे के अलावा जिले में अवैध शराब की बिक्री, नशीली गोलियों, चिट्ठा (स्मैक/हेरोइन जैसे मादक पदार्थ), गांजा तथा अन्य नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार भी लगातार बढ़ रहा है। इन गतिविधियों के कारण बड़ी संख्या में युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित होने के साथ-साथ परिवारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति भी खराब हो रही है।

 भारतीय जनता पार्टी महामंत्री सौरभ लुनिया जी भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने जिले में बढ़ती चाकूबाजी और असामाजिक तत्वों की सक्रियता पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं से आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। युवाओं में अपराध की बढ़ती प्रवृत्ति कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बनती जा रही है।

गुलशन कुमार साहू ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि जिले में सक्रिय ऑनलाइन सट्टा-पट्टी गिरोहों, जुआ संचालकों, अवैध शराब माफियाओं, नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों तथा चाकूबाजी जैसी घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों के विरुद्ध व्यापक जांच कर कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके और युवाओं का भविष्य सुरक्षित बनाया जा सके।

फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से ज्ञापन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर पुलिस द्वारा जांच और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!