Skip to main content

Sachkaaina

Home / युवा मोर्चा / भाजयुमो शहर मंडल बालोद ने विधायक कुंवर निषाद की निकाली शव यात्रा, किया पुतला दहन; माफी न मांगने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

भाजयुमो शहर मंडल बालोद ने विधायक कुंवर निषाद की निकाली शव यात्रा, किया पुतला दहन; माफी न मांगने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

​बालोद। गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद द्वारा अर्जुन्दा मंडल अध्यक्ष नवीन राजपूत को कथित रूप से मोबाइल पर जान से मारने की धमकी दिए जाने और अमर्यादित भाषा के प्रयोग के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) शहर मंडल बालोद राहुल सोनी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए शहर में शव यात्रा निकाली और पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।

​प्रदर्शन के दौरान युवा नेताओं ने विधायक की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार किया। भाजयुमो नेता गुलशन साहू ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “विधायक कुंवर निषाद का यह कृत्य बर्दाश्त के बाहर है। जब तक विधायक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगेंगे, तब तक यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।” वहीं राहुल सोनी ने कहा, “विधायक जी की भाषा पूरी तरह से अमर्यादित है, जो क्षेत्र के युवाओं का सीधा अपमान है। जनप्रतिनिधि का यह रवैया उनकी पद की गरिमा के विपरीत है।”

​भाजयुमो पदाधिकारियों का कहना है कि एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधि द्वारा किसी नागरिक या संगठन के कार्यकर्ता को धमकी देना अत्यंत निंदनीय है। इससे कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा चोट पहुंचता है। संगठन ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए विधायक के खिलाफ शीघ्र और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

​साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन ने इस विषय पर त्वरित और उचित कदम नहीं उठाए, तो संगठन उग्र जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

​इस विरोध प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, भाजपा शहर मंडल के पदाधिकारी, स्थानीय पार्षद, तथा भाजयुमो जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!