
बालोद। जिले में लगातार हो रही बारिश एवं संभावित अतिवृष्टि को देखते हुए जिला प्रशासन, बालोद ने आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने जिलेवासियों से सतर्क एवं सुरक्षित रहने तथा बारिश के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि अत्यधिक बारिश और जलभराव की स्थिति में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। नदी, नाला, पुल-पुलिया तथा जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें और किसी भी परिस्थिति में तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करें।
बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों का रखें विशेष ध्यान
बारिश के दौरान बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई है। आवश्यकता पड़ने पर परिवार के सदस्यों को सुरक्षित स्थान अथवा प्रशासन द्वारा निर्धारित राहत एवं आश्रय स्थलों पर ले जाएं।
प्रशासन की सूचनाओं पर दें ध्यान
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय-समय पर जारी होने वाली चेतावनियों एवं आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दें। किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और अपुष्ट जानकारी को आगे प्रसारित करने से बचें।
आपात स्थिति में तत्काल करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक स्थानीय प्रशासन, पुलिस अथवा संबंधित आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यक परिस्थितियों में प्रशासन द्वारा हरसंभव सहायता एवं राहत व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन बालोद की अपील—
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। अतिवृष्टि के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर जाएं।”
आपकी सुरक्षा, प्रशासन की प्राथमिकता
जिला प्रशासन, बालोद
Related Posts
September 23, 2026
September 23, 2026
September 18, 2026