Sachkaaina

Home / बालोद / प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी के सफल एवं बेहतर आयोजन हेतु समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश

प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी के सफल एवं बेहतर आयोजन हेतु समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश

बालोद,06 जनवरी 2026

पूरे देश में पहली बार आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी के भव्य एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करने हेतु आयोजन से जुड़े सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम दुधली में 09 से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी के सफल एवं बेहतर आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में आयोजन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर मिश्रा ने राष्ट्रीय स्तर के आयोजन के गरिमा के अनुरूप पूरे देश में पहली बार आयोजित होने वाली इस प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी का भव्य एवं गरिमामय ढंग से आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। श्रीमती मिश्रा ने समय-सीमा की बैठक में आज संबंधित विभाग के अधिकारियों से बारी-बारी से जानकारी लेकर आयोजन से जुड़े सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा एवं श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर ने बताया कि 09 से 13 जनवरी तक इस 05 दिवसीय आयोजन के दौरान अलग-अलग दिवसों में राज्यपाल, केन्द्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री के अलावा राज्य शासन के मंत्रियों एवं अन्य गणमान्य जनों का आगमन होना है। कलेक्टर ने जंबूरी में अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल तक सुगम, सुव्यवस्थित यातायात एवं अन्य जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। श्रीमती मिश्रा ने सभी विभागों को कार्यक्रम स्थल में प्रदशर्नी लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रदर्शनी में अपने-अपने विभागों के राज्य एवं जिला स्तर के उपलब्धियों को भी प्रदर्शित करने को कहा। श्रीमती मिश्रा ने कार्यपालन अभियंता विद्युत वितरण कंपनी को पूरे आयोजन के दौरान निर्बाध विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों में पर्याप्त रोशनी के अलावा पुलिस विभाग के अधिकारियों को पूरे समय फायर बिग्रेड की भी उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जंबूरी स्थल में अस्थायी अस्पताल का निर्माण कर वहाँ पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होेंने जंबूरी में शामिल होने वाले लोगों के श्रमदान हेतु स्थान तय करने तथा आयोजन स्थल के समीप स्थित गोंदली जलाशय में वाटर स्पोर्ट्स के आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने पर्याप्त मात्रा में गोताखोर, लाईफ जैकेट आदि सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होेंने एसडीआरएफ की टीम से भी समन्वय करने को कहा।
बैठक में श्रीमती मिश्रा ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने रकबा समर्पण के कार्य के प्रगति के संबंध में जानकारी लेते हुए इसे विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा करने को कहा। श्रीमती मिश्रा ने सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने प्रभार वाले धान खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन करने तथा पीवीएफ एवं सतर्क एप्प में इसकी एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी अधिकारियों को अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन करने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने भौतिक सत्यापन एप्प शनिवार के अलावा बुधवार के दिन भी खुले होने की जानकारी दी। बैठक में कलेक्टर ने ओएनजीसी (तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम) द्वारा इकाई स्थापित करने के लिए बालोद सहित राज्य के 05 जिलों को चयन करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके लिए ओएनजीसी द्वारा जिले में कुल 10 एकड़ जमीन की मांग की गई है। कलेक्टर ने इसे जिले के महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को 10 एकड़ की उपयुक्त जमीन चिन्हांकित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए राजस्व विभाग के द्वारा अतिक्रमण हटाने हेतु की जा रही कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों में विशाखा समिति की गठन की कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी ली। श्रीमती मिश्रा ने सभी विभाग प्रमुखों को तत्काल इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कृषि एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के बदले अन्य फसल उत्पादन करने निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने किसानों को पराली नही जलाने के लिए प्रेरित करने तथा पराली जलाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन द्वारा 01 जनवरी 2026 से सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से अपना बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे एवं संध्या कार्यालय से प्रस्थान के दौरान फेस रीडिंग कराकर अपना अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सभी कार्यालय प्रमुखों को अपने-अपने विभागों में शत प्रतिशत ई-फाइलिंग का कार्य सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब किसी भी शासकीय कार्यालयों में कोई भी मैनुअल फाईल से कार्य नही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!