
रायपुर।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘जल जीवन मिशन’ योजना छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक उदासीनता, तानाशाही और भुगतान में हीलाहवाली का शिकार हो चुकी है। राज्य के सैकड़ों स्थानीय ठेकेदारों ने सालों पहले अपने हिस्से का काम पूरी ईमानदारी और गुणवत्ता के साथ पूरा कर लिया है, लेकिन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) द्वारा आज तक उनके बिलों का फाइनल सेटलमेंट नहीं किया गया है। विभाग की इस प्रताड़ना के चलते अब पानी सिर से ऊपर जा चुका है और ठेकेदारों की जिंदगी दांव पर लग गई है।
आश्वासन खोखला साबित: 30 जून की समय-सीमा खत्म, भुगतान शून्य
हाल ही में जल जीवन मिशन के पीड़ित ठेकेदारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने संचालक एवं सचिव, जल जीवन मिशन (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग) से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई थी। उस दौरान आला अधिकारियों ने बड़ी मुस्तैदी दिखाते हुए 30 जून 2026 तक हर हाल में लंबित भुगतानों को शुरू करने का मौखिक आश्वासन दिया था।
लेकिन हकीकत बेहद कड़वी है: आज निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बाद भी किसी एक भी ठेकेदार का भुगतान शुरू नहीं किया गया है। भुगतान करने के बजाय, विभाग अपनी कमियों को छुपाने के लिए आए दिन ‘नित नए नियमों और शर्तों’ का नोटिस जारी कर ठेकेदारों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।
विभाग की लापरवाही ले रही जान: 2 ने की आत्महत्या, 5 को आया हार्ट अटैक
यह केवल पैसों के भुगतान का मामला नहीं है, बल्कि यह सैकड़ों परिवारों के जीवन और मरण का सवाल बन चुका है। बाजार के कर्ज और विभाग की वादाखिलाफी के दोहरे दबाव को न झेल पाने के कारण स्थिति भयावह हो चुकी है:
2 ठेकेदार मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठा चुके हैं।
5 ठेकेदारों को गंभीर हार्ट अटैक और पैरालीसिस (लकवा) का दौरा पड़ चुका है, जो जीवन और मौत की लड़ाई लड़ रहे हैं।
इन मौतों और अस्वस्थता की पूरी जिम्मेदारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उन अधिकारियों की है जो फाइलों को दबाकर बैठे हैं।
चलो नीर भवन: 6 जुलाई को होगा महारैली और धरना प्रदर्शन
विभाग की इस दमनकारी नीति, वादाखिलाफी और तानाशाही के विरोध में अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया गया है। सभी पीड़ित ठेकेदारों और उनके समर्थकों द्वारा एक विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।
दिनांक: 6 जुलाई 2026
समय: प्रात: 11:00 बजे से
स्थान: नीर भवन (PHE मुख्यालय), रायपुर
सभी ठेकेदार साथियों से अपील:
बिरेश शुक्ला
छत्तीसगढ़ कैंन्ट्रेक्टर एसोसिएसन रायपुर छ. ग़.
राकेश जोशी
अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य पीएचईडी कांट्रेक्टर एसोसिएशन
”साथियों, यह लड़ाई सिर्फ हमारे रुके हुए पैसों की नहीं, बल्कि हमारे आत्मसम्मान, हक और हमारे परिवारों के भविष्य की है। हमारे साथी अपनी जान गंवा रहे हैं और विभाग चैन की नींद सो रहा है। अब जागने का समय आ गया है। अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्यों को समझें। 6 जुलाई को अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक संख्या में अपने ठेकेदार साथियों के साथ ‘नीर भवन, रायपुर’ पहुंचें और इस गूंगी-बहरी व्यवस्था को जगाएं।”
”जब तक भुगतान नहीं, तब तक कदम पीछे नहीं!”
Related Posts
October 2, 2026
September 28, 2026
September 25, 2026