डौंडीलोहारा, 25 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को डौंडीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में शामिल होकर माताओं-बहनों और बालोद जिलेवासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 महतारी वंदन योजना हितग्राहियों के खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि अंतरित की। इसमें बालोद जिले के 2 लाख 45 हजार 28 हितग्राही शामिल हैं।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर करीब 102 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। साथ ही डौंडीलोहारा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें नगर पंचायत डौंडीलोहारा में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम निर्माण, खरखरा जलाशय में लिफ्ट इरिगेशन की स्वीकृति, पूरक नहर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण तथा धनगांव जलाशय के शीर्ष कार्य वियर के साथ नहर रिमॉडलिंग लाइन निर्माण शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत डौंडीलोहारा में मस्जिद चौक से शास्त्री नगर मार्ग पर 5 करोड़ रुपये की लागत से पुलिया निर्माण तथा डौंडीलोहारा विकासखंड में 19 करोड़ रुपये की लागत से संबलपुर से भीमकन्हार-मुड़िया मार्ग निर्माण की भी घोषणा की।
31वीं किश्त से महिलाओं को मिला आर्थिक संबल
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मोदी की गारंटी के तहत किए गए वायदों को पूरा करते हुए विकास को नई गति दी है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है। रक्षाबंधन पर्व के पूर्व 25 अगस्त को ही योजना की 31वीं किश्त की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित करने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में महतारी वंदन योजना के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में करीब 20 हजार करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि योजना से महिलाओं को अपनी छोटी-बड़ी आवश्यकताओं के लिए दूसरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिली है।
लखपति दीदी और ड्रोन दीदियों का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में अब तक लक्ष्य से अधिक 13 लाख 85 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने में सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि ड्रोन दीदियां आधुनिक तकनीक के माध्यम से खेतों में खाद एवं बीज का छिड़काव कर आय अर्जित कर रही हैं। वहीं सुकन्या समृद्धि योजना भी महिलाओं एवं बालिकाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
102 करोड़ के कार्यों की मिली सौगात
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने 3.20 करोड़ रुपये की लागत से 12 किलोमीटर लंबे उमरादाह-निपानी मार्ग, 26 करोड़ रुपये की लागत से अर्जुंदा-ओडारसकरी मार्ग तथा 2.50 करोड़ रुपये की लागत से बालोद-पिकरीपार मार्ग सहित कुल 102 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आवागमन, सिंचाई और नगरीय सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
महतारी वंदन हितग्राहियों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने महतारी वंदन योजना से लाभान्वित जिले की पांच हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने योजना से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली और महिलाओं के अनुभवों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
बस्तर से लेकर गांव-गांव तक विकास का दावा
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में आवासों की स्वीकृति दी है। किसानों के लिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी, रामलला दर्शन योजना, तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपये मानक बोरा की दर तथा भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
समारोह में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग, पूर्व सांसद सुश्री सरोज पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लूनिया, नगर पंचायत डौंडीलोहारा अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू एवं राजेंद्र राय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर, जनपद अध्यक्ष कांति सोनबरसा, कुसुम शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक किरण गंगा राम चव्हाण, वन मंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने स्वागत भाषण एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जिले में चलाए जा रहे वृहद वृक्षारोपण अभियान, मिशन अंकुर सहित विभिन्न रचनात्मक एवं जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री साय ने अंत में प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप सभी के सहयोग और सहभागिता से विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जाएगा।