Skip to main content

Sachkaaina

Home / बालोद जिला / न केक की चमक, न जश्न का शोर… सेवा की सादगी में यादगार बना कलेक्टर दिव्या मिश्रा का जन्मदिन बच्चों की मुस्कान बनी खुशी, बुजुर्गों के आशीर्वाद से मिला जन्मदिन का सबसे अनमोल उपहार

न केक की चमक, न जश्न का शोर… सेवा की सादगी में यादगार बना कलेक्टर दिव्या मिश्रा का जन्मदिन बच्चों की मुस्कान बनी खुशी, बुजुर्गों के आशीर्वाद से मिला जन्मदिन का सबसे अनमोल उपहार

बालोद, 02 सितंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने अपने जन्मदिन को सादगी, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ मनाकर जिले में एक प्रेरणादायी मिसाल पेश की। उन्होंने अपने जन्मदिन का दिन वनांचल के आदिवासी बहुल ग्राम नंगूटोला के स्कूली बच्चों और आदमाबाद स्थित वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ बिताया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ न्योता भोज किया, उन्हें उपहार एवं आत्मीय स्नेह दिया, वहीं वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा अपने जन्मदिन पर डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम नंगूटोला स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पहुंचीं। यहां उन्होंने स्कूली बच्चों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों के साथ न्योता भोज किया। उन्होंने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया और स्वयं बच्चों को भोजन भी परोसा। इस अवसर पर स्कूली बच्चों के साथ केक काटकर उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया। कलेक्टर को अपने बीच पाकर स्कूली बच्चे और ग्रामीण काफी उत्साहित नजर आए।

इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने स्कूली विद्यार्थियों को स्कूल बैग, जूते एवं टॉफी भेंट किए तथा बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने की समझाइश देते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने और सफलता हासिल करने के लिए अच्छी शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों से निष्ठा, ईमानदारी और पूरे मनोयोग से पढ़ाई कर अपने माता-पिता, परिवार एवं विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

इसके बाद कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा आदमाबाद स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम पहुंचीं। यहां उन्होंने आश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताया और सभी का व्यक्तिगत रूप से हालचाल जाना। उन्होंने बुजुर्गों के स्वास्थ्य, दिनचर्या और खान-पान से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी को ताजे फल एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री भेंट की।

कलेक्टर ने वृद्धाश्रम प्रबंधन को सभी अंतवासियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा पौष्टिक भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान, देखभाल और सुख-सुविधाओं का ध्यान रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा को अपने बीच पाकर वृद्धाश्रम के बुजुर्ग भी बेहद प्रसन्न हुए। उन्होंने कलेक्टर को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु, सुखद एवं सफल जीवन के लिए स्नेहपूर्ण आशीर्वाद दिया।

कलेक्टर के इस सादगीपूर्ण और संवेदनशील अंदाज की उपस्थित लोगों ने सराहना की। जन्मदिन के अवसर पर बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ भोजन करना और बुजुर्गों के बीच जाकर उनका आशीर्वाद लेना सेवा, अपनत्व और मानवीय संवेदना का संदेश देता नजर आया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, डिप्टी कलेक्टर श्री आशीष पेंद्रो, जिला शिक्षा अधिकारी श्री दीपक दुबे सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, वृद्धाश्रम का स्टाफ, बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!