
दल्ली राजहरा। नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के वार्ड क्रमांक 03 में पिछले तीन महीनों से जर्जर विद्युत केबल और अनियमित बिजली आपूर्ति ने नागरिकों का जीना मुहाल कर दिया है। बार-बार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग की उदासीनता को लेकर वार्ड के पार्षद व नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
मनोज दुबे ने विद्युत विभाग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वार्ड क्रमांक 21, 24, 27 और 02 में तो केबल बदलने की व्यवस्था तुरंत कर दी गई, जबकि वार्ड क्रमांक 03 की समस्या सबसे पुरानी होने के बावजूद इसे जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है।
”राजनीतिक दबाव में हो रही जनता की उपेक्षा”
नगर पालिका उपाध्यक्ष ने सीधा आरोप लगाते हुए सवाल किया, “आखिर किसके राजनीतिक दबाव के कारण वार्ड 03 का केबल बदलने का काम रोका जा रहा है?” उन्होंने कहा कि राजनीतिक रंजिश या दबाव के चलते आम जनता को बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रखना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और जनहित के खिलाफ है।
दुर्घटना हुई तो विभाग होगा जिम्मेदार
मनोज दुबे ने चेतावनी दी है कि जर्जर केबल के कारण यदि वार्ड में कोई अनहोनी या जनहानि होती है, तो उसकी पूरी नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी विद्युत विभाग और उसके अधिकारियों की होगी।
उग्र जनआंदोलन की चेतावनी
विद्युत विभाग को कड़ा संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि यदि वार्ड क्रमांक 03 की जर्जर केबल को जल्द से जल्द बदलकर विद्युत व्यवस्था सुचारू नहीं की गई, तो विभागीय लापरवाही के खिलाफ वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। इसके साथ ही जनता के हक के लिए लोकतांत्रिक और वैधानिक तरीके से उग्र जनआंदोलन किया जाएगा।
”जनहित हमारे लिए सर्वोपरि है। वार्ड क्रमांक 03 के नागरिक अब और अन्याय व उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
— मनोज दुबे (उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद एवं पार्षद, वार्ड 03)
Related Posts
July 19, 2026
July 16, 2026
July 16, 2026