बालोद जिले को नया पुलिस नेतृत्व मिल गया है। वर्ष 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने गुरुवार को जिला पुलिस कार्यालय, बालोद में जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल (IPS) ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा।
पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक श्री चव्हाण ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में सभी अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र, दायित्व एवं जिले की कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।
महाराष्ट्र से लेकर नक्सल क्षेत्र तक उत्कृष्ट सेवा का अनुभव
श्री किरण गंगाराम चव्हाण मूलतः महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के निवासी हैं। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त करने के बाद संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर वर्ष 2018 में भारतीय पुलिस सेवा में स्थान प्राप्त किया।
अपने पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारी के रूप में बिलासपुर में सेवाएं दीं। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन), सुकमा जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण पदों पर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। बाद में सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, जनसहभागिता बढ़ाने तथा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।
FICCI Best Performing Officer Award से हुए सम्मानित
उत्कृष्ट पुलिसिंग, नक्सल विरोधी अभियानों में प्रभावी नेतृत्व तथा मादक पदार्थों के विरुद्ध सफल कार्रवाई के लिए श्री किरण गंगाराम चव्हाण को वर्ष 2024 में FICCI Best Performing Officer Award से सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान उन्हें सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति के करकमलों से प्रदान किया गया, जो उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों का प्रमाण है।
जनसुरक्षा और बेहतर पुलिसिंग पर रहेगा विशेष फोकस
पदभार संभालने के साथ ही यह माना जा रहा है कि श्री चव्हाण जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी अभियान, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम तथा जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में विशेष प्राथमिकता देंगे।
पुलिस परिवार ने किया आत्मीय स्वागत
बालोद पुलिस परिवार ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके सफल, पारदर्शी एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, एसडीओपी बालोद श्री बोनिफास एक्का, एसडीओपी गुंडरदेही श्री राजेश बागड़े, एसडीओपी गुरुर श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी मुख्यालय श्रीमती श्रुति सिंह, सीएसपी राजहरा श्री विकास पाटले, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं पुलिस कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।
बालोद जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में श्री किरण गंगाराम चव्हाण की नियुक्ति को जिले की कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आमजन को उनसे प्रभावी, संवेदनशील एवं जनहितकारी पुलिसिंग की उम्मीद है।