Sachkaaina

Home / बालोद / जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के संबंध में की गई विस्तृत चर्चा

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के संबंध में की गई विस्तृत चर्चा

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल, अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा एवं एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित थीं। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने नशापान एवं तेज गति से ड्राइविंग को सड़क दुर्घटना का प्रमुख कारण मानते हुए पुलिस एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसके लिए पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्री पटेल ने जिले के दुर्घटना जन्य सड़क मार्गों एवं अन्य स्थानों को चिन्हित कर इन स्थानों पर सड़क दुर्घटना की रोकथाम हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस, यातायात एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से जाँच अभियान चलाकर शराब पीकर एवं तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरूद्ध भी कड़ी कार्रवाई करने को कहा। श्री पटेल ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों में बिना हेलमेट पहने पेट्रोल लेने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नही देने के संबंध में सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश जारी करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने वाहन चालकों के लायसेंस जांचकर बिना लायसेंस के वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्कूली बस एवं बच्चों को ले जाने वाले अन्य वाहनों का नियमित रूप से फिटनेस आदि जांच करने की निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे किसी भी स्थिति में वाहन न चलाए। इसके लिए स्कूल आदि में नियमित रूप से जांच करने के निर्देश भी दिए। श्री पटेल ने सड़क के किनारे अतिक्रमण कर वाहन खड़ी करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा। पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों के संबंध में बैठक में उपस्थित अधिकारियों से जानकारी ली। इसके अंतर्गत उन्होंने सड़कों एवं चैक-चैराहों में विचरण करने वाले मवेशियों की रोकथाम के अलावा गुड सेमेरिटन के कार्यों के संबंध में भी जानकारी ली। बैठक में श्री पटेल ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारियों के अलावा मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से आवश्यक स्थानों को चिन्हित कर अनिवार्य रूप से ट्रेफिक सिगनल लगाने के निर्देश दिए। श्री पटेल ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम के पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने हेतु सुझाव भी लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर एवं बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने सड़क दुर्घटना के रोकथाम के उपायों के संबंध में आवश्यक सुझाव भी दिए। बैठक में कार्यपालन अभियंता श्रीमती लोक निर्माण विभाग श्रीमती पूर्णिमा चंद्रा, जिला परिवहन अधिकारी श्री प्रकाश रावटे सहित कार्यपालन अभियंता प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, अनुविभागीय अधिकारी राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!