मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज जिला मुख्यालय बालोद के गंजपारा स्थित पोहा मिल में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम के अवसर पर बालोद जिले के कुल 163 जोड़े वर-वधुओं का विधिवत् रीति-रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत जिला मुख्यालय बालोद सहित आज प्रदेश भर में आयोजित सामूहिक विवाह में वर्चुअली रूप से जुड़कर कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री ने आज पूरे प्रदेश भर में बड़ी संख्या में वर-वधुओं के परिणय सूत्र में बंधने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने परिणय सूत्र में बंधने वाले सभी वर-वधुओं के खुशहाल एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इसी तरह आज जिला मुख्यालय बालोद के गंजपारा स्थित पोहा मिल में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति श्रीमती चुन्नी मानकर, जनपद पंचायत बालोद के महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति श्रीमती भूनेश्वरी चंद्राकर सहित अन्य अतिथियों ने भी सभी नवदंपत्तियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से उनके सफल, सुखद एवं खुशहाल जीवन की मंगल कामना की। इस अवसर पर अतिथियों ने आज परिणय सूत्र में बंधने वाले नवदंपत्तियों के बीच पहुँचकर अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। इस अवसर पर अतिथियों के द्वारा वधुओं को मंगलसूत्र एवं बिछिया भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज के दिन को ऐतिहासिक बताते हुए सामूहिक कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज पूरे प्रदेश के बड़ी संख्या में वर-वधुओं के परिणय सूत्र में बंधने पर प्रसन्नता व्यक्त की। श्री साय ने कहा कि आज पूरे प्रदेश भर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के माध्यम से कुल 06 हजार 414 वर-वधु परिणय सूत्र में बंधकर अपने नवजीवन की शुरूआत कर रहे हैं। उन्होंने आज के दिन को सभी वर-वधुओं के साथ-साथ उनके परिजनों के लिए भी अत्यंत शुभ एवं मंगलमय दिवस बताते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। श्री साय ने कहा कि आज से कुछ साल पहले तक गरीब परिवार के माता, पिता एवं उनके परिजनों के लिए बेटी का शादी कर उनका घर बसाना सबसे बड़ा चिंतनीय एवं कठिन कार्य होता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. रमन सिंह द्वारा अपने कार्यकाल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरूआत कर समाज के गरीब एवं वंचित वर्ग के लोगों के बेेटे-बेटियों को परिणय सूत्र में बांधने का पुनीत कार्य किया गया है। इसके लिए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह को हृदय से धन्यवाद भी ज्ञापित किया गया। श्री साय ने कहा कि जब प्रदेश में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरूआत की गई थी उस समय नवविवाहित दंपत्ति को केवल 05 हजार रूपये की सहायता राशि प्रदान की जाती थी परंतु आज इस राशि को बढ़ाकर 35 हजार रूपये कर दी गई है। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भी कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़कर नवविवाहित दंपत्तियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। जिला मुख्यालय बालोद के गंजपारा में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी नवदंपत्तियों को विवाह के पवित्र बंधन में बंधकर नव जीवन में प्रवेश करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने इस पल को सभी वर-वधुओं के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण एवं सुखद पल बताते हुए ईश्वर से नवदंपत्तियों के उज्ज्वल भविष्य एवं खुशहाल जीवन के लिए मंगल कामना भी की। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज परिणय सूत्र में बंधने वाले नवदंपत्तियों को 35 हजार रूपये की सहायता राशि भी उनके खाते में अंतरित की जाएगी।