
बालोद, 18 फरवरी 2026
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के पूर्व विद्यार्थियों के नाम एक बेहद प्रेरक और उत्साहवर्धक संदेश जारी किया है। उन्होंने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनसे तनाव मुक्त रहने की अपील की है।
कलेक्टर मिश्रा ने अपने संदेश में विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि साल भर की गई मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। उन्होंने कहा कि आप अपने वर्ष भर की शिक्षा एवं परिश्रम पर पूर्ण विश्वास रखें। आपका धैर्य ही आपको परीक्षा के भय एवं तनाव से मुक्त रखेगा। यह परीक्षा आपके विषय के साथ-साथ, आपके कौशल की भी परीक्षा है, जो आपके भावी भविष्य की आधारशिला है।
मिश्रा ने इस बात पर जोर दिया कि विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के संपर्क में रहकर अपनी शंकाओं का समाधान पहले ही कर लिया है, जो उनकी तैयारी को और मजबूत बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे स्थिर चित्त और धैर्यपूर्वक परीक्षा में सम्मिलित हों। सुदृढ़ आत्मविश्वास ही परीक्षा में सबसे बड़ा सहायक होता है। संदेश के अंत में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने विश्वास जताया कि जिले के विद्यार्थी न केवल परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे, बल्कि अपने निर्धारित लक्ष्यों को भी अवश्य प्राप्त करेंगे।
Related Posts
June 10, 2026
June 5, 2026
June 2, 2026