
बालोद, 14 मार्च 2026
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार बालोद जिले के सभी न्यायालयों में आज नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिनमें राजीनामा योग्य प्रकरणों में पक्षकारों की आपसी सहमति व सुलह समझौता से निराकृत किये गये है। प्रकरणों के पक्षकारों की भौतिक तथा वर्चुअल दोनों ही माध्यमों से उनकी उपस्थिति में निराकृत किये जाने के अतिरिक्त स्पेशल सिटिंग के माध्यम से भी पेटी अफेंस के प्रकरणों को निराकृत किया गया।
इस सिलसिले में न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर ने इस संपूर्ण लोक अदालत को सफल बनाये जाने हेतु निरंतर प्रयास करते हुए वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से भी लगातार अधिक से अधिक मामलों को निराकृत किये जाने हेतु प्रेरित किया। इसी अनुक्रम में बालोद जिले के पोर्टफोलियों न्यायाधीश श्री नरेश कुमार चंद्रवंशी न्यायाधीश महोदय, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा नेशनल लोक अदालत के अवसर पर जिला न्यायालय बालोद का निरीक्षण कर लोक अदालत की कार्यवाही का अवलोकन किया। न्यायमूर्ति द्वारा न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ताओं तथा पक्षकारों से संवाद कर लोक अदालत के माध्यम से विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने हेतु प्रेरित किया गया तथा न्यायमूर्ति द्वारा हितग्राहियों को ट्राईसिकल, श्रवणयंत्र वितरित किया गया।
जिला व सत्र न्यायालय बालोद एवं व्यवहार न्यायालय स्तर पर डौण्डीलोहारा, दल्लीराजहरा, गुण्डरदेही में तथा बालोद जिले के राजस्व न्यायालयों में भी नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री श्याम लाल नवरत्न के निर्देशानुसार इस लोक अदालत के लिए बालोद जिले में कुल 23 खण्डपीठ का गठन किया गया। इस लोक अदालत में लंबित सिविल एवं दांडिक प्रकरण, प्री-लिटिगेशन के बैंक, विद्युत, जलकर, बीएसएनएल के तथा राजस्व न्यायालयों की खंडपीठ के समक्ष कुल 62 हजार 524 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गये थे, जिसमें 61 हजार 47 प्रकरणों का निराकरण नेशनल लोक अदालत के माध्यम से किया गया। इस लोक अदालत में कुल 07 करोड़ 30 लाख 72 हजार 356 रूपये राशि का अवार्ड पारित किया गया है। इस नेशनल लोक अदालत में आपसी सहमति व सुलह समझौता करने वालों पक्षकारों को प्रोत्साहन स्वरूप पौधा वितरण भी किया गया। नेशनल लोक अदालत में जिला न्यायालय परिसर में आये पक्षकारों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और साथ ही बालोद बाजार के द्वारा अपने सामग्री के प्रचार-प्रसार हेतु स्टॉल लगाया गया।
Related Posts
March 14, 2026
March 14, 2026
March 14, 2026