छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के लिए आज का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि का साक्षी बना। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के कार्यकाल का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर संयुक्त जिला कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के विकास कार्यों, जनभागीदारी और प्रशासनिक दक्षता की चहुंओर सराहना की गई।
सहयोग और टीम भावना से मिली जिले को नई पहचान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अपनी सफलता का श्रेय जिले के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों को दिया। उन्होंने कहा, “मेरा एक वर्ष का यह कार्यकाल सामूहिक प्रयास और समर्पण का परिणाम है। मुझे एक ऐसी बेहतरीन टीम मिली है, जिसने शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी महती भूमिका निभाई है।”
एक वर्ष की प्रमुख उपलब्धियाँ, जिसने बालोद का मान बढ़ाया:
कलेक्टर मिश्रा के मार्गदर्शन में पिछले 365 दिनों में बालोद ने न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है:
बाल विवाह मुक्त जिला: बालोद को देश का पहला ‘बाल विवाह मुक्त जिला’ बनने का गौरव प्राप्त हुआ।
जल संचय में अव्वल: जल संचय जनभागीदारी अभियान 1.0 के अंतर्गत जोन-02 में बालोद पूरे देश में प्रथम स्थान पर रहा।
पर्यावरण संरक्षण का कीर्तिमान: 20 जुलाई 2025 को वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत 01 लाख 74 हजार पौधे रोपकर जिले ने पर्यावरण के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किया।
राष्ट्रीय सम्मान: ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के तहत उल्लेखनीय कार्यों के लिए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा जिले को ‘स्क्रीन फेलिसिटेशन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
मिशन गोद अभियान: कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने के लिए चलाए गए ‘मिशन गोद’ और ‘नीर चेतना’ जैसे अभियानों ने स्वास्थ्य एवं जल सुरक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित हुए हैं।
अधिकारियों ने दी बधाई
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, श्री नूतन कंवर सहित सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों ने कलेक्टर को बधाई दी। सभी अधिकारियों ने एक स्वर में उनके नेतृत्व शैली, कार्यकुशलता और मानवीय दृष्टिकोण की प्रशंसा की।
कलेक्टर मिश्रा ने जिले की इस विकास यात्रा को निरंतर जारी रखने का आह्वान करते हुए सभी कर्मियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के पूर्ण क्रियान्वयन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहयोग और टीम वर्क के बल पर बालोद भविष्य में भी प्रगति के नए शिखर छुएगा।