Sachkaaina

Home / बालोद / गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय पर्यावरण एवं कोस्टल ट्रैकिंग शिविर में बालोद महाविद्यालय के रोवर-रेंजरों ने किया छत्तीसगढ़ का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व

गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय पर्यावरण एवं कोस्टल ट्रैकिंग शिविर में बालोद महाविद्यालय के रोवर-रेंजरों ने किया छत्तीसगढ़ का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व

बालोद

शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोद की इकाई भारत स्काउट गाइड के रोवर लक्ष कुमार साहू, डेलेंद्र कुमार सिन्हा एवं रेंजर जागृति बारले , अंजली साहू ने गुजरात में 20 अप्रैल से 24 अप्रैल तक आयोजित राष्ट्रीय स्तर के एनवायरमेंट अवेयरनेस एवं कोस्टल ट्रैकिंग प्रोग्राम सासण गिर गुजरात में भाग लेकर छत्तीसगढ़ राज्य का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व किया। इस शिविर में भाग लेकर प्रतिभागियों ने विभिन्न साहसिक, पर्यावरणीय एवं नेतृत्व विकास से जुड़ी गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने 21 किलोमीटर की ट्रैकिंग के माध्यम से जंगलों की भौगोलिक संरचना, जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों की गहन जानकारी प्राप्त की , आयुर्वैदिक नर्सरी प्लांट में जाकर 120 प्रकार के अलग-अलग औषधि पौधे के बारे में भी जाना । साथ ही जंगल सफारी के दौरान शेर , चीता , हिरण , बारहसिंगा , गिद्ध सहित विभिन्न वन्य जीवों को करीब से देखा और उनके व्यवहार, संरक्षण एवं पारिस्थितिकी के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की।

इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों ने भारत के प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर तथा प्रथम शक्तिपीठ का दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभव भी प्राप्त किया।

 विविध गतिविधियों से हुआ सर्वांगीण विकास: शिविर में चार बेस के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें – अवलोकन क्षमता विकास , स्मरण शक्ति बढ़ाने के खेल, तैराकी एवं जल कौशल प्रशिक्षण , ट्रैकिंग एवं साहसिक अभ्यास

जैसी गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों के मानसिक, शारीरिक एवं बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।

ट्रेकिंग के दौरान प्रतिभागियों को तटीय पारिस्थितिकी तंत्र, मैंग्रोव संरक्षण, समुद्र तट स्वच्छता अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न आयामों की भी जानकारी दी गई। इन गतिविधियों के माध्यम से उनमें टीमवर्क, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना का विकास हुआ।

 कैंप फायर में किया छत्तीसगढ़ की संस्कृति का प्रदर्शन:

शिविर के दौरान आयोजित कैंप फायर कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के रोवर-रेंजरों ने विशेष सक्रियता दिखाई। एक दिन उन्होंने पूरे कार्यक्रम की एंकरिंग (संचालन) भी संभाली। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के समक्ष छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, लोकगीत एवं लोकनृत्य को प्रस्तुत किया। अपने प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने छत्तीसगढ़ की पहचान, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का सराहनीय प्रयास किया, जिसे सभी प्रतिभागियों एवं अधिकारियों ने खूब सराहा।

 समापन समारोह में सम्मान:

शिविर के अंतिम दिन आयोजित भव्य समापन समारोह में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के नेशनल कमिश्नर श्री मनीष मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ के रोवर-रेंजरों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उनके द्वारा किए गए सम्मान से प्रतिभागियों का उत्साह और आत्मविश्वास और अधिक बढ़ा।

 छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान:

महाविद्यालय के रोवर-रेंजरों ने इस राष्ट्रीय मंच पर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ राज्य का नाम गौरवान्वित किया। उन्होंने न केवल विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई, बल्कि अपने व्यवहार, अनुशासन एवं नेतृत्व कौशल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रतिभागियों की इस उपलब्धि पर श्री इंदरजीत सिंह खालसा राज्य मुख्य आयुक्त ( छ. ग.), श्री ब्रजेश कुमार बाजपेई राज्य सचिव ( छ. ग.), श्रीमती जलवती साहू, श्रीमती सरिता पाण्डेय राज्य संगठन आयुक्त, गाइड ( छ. ग.) , श्री पूनम सिंह साहू राज्य प्रशिक्षण आयुक्त, गाइड ( छ. ग.) , श्री अमित कुमार राज्य संगठन आयुक्त, स्काउट ( छ. ग.) ने हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. के. खलखो व रोवर-रेंजर प्रभारी डॉ. आर. डी. साहू, रेंजर लीडर रितु पिस्दा ने भी बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है । इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में आठ राज्य के 85 रोवर रेंजर स्काउट गाइड और यूनिट लीडर ने भाग लिया। गुजरात में आयोजित यह राष्ट्रीय शिविर न केवल विद्यार्थियों के लिए सीखने का उत्कृष्ट मंच सिद्ध हुआ, बल्कि इसने छत्तीसगढ़ के रोवर-रेंजरों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने का अवसर भी प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!