Sachkaaina

Home / बालोद जिला / बालोद कलेक्ट्रेट परिसर में लगा पहला पब्लिक ईवी चार्जर; ₹15 प्रति यूनिट की दर से चार्ज होंगी गाड़ियां, भविष्य में लगेंगे 60kW के फास्ट चार्जर

बालोद कलेक्ट्रेट परिसर में लगा पहला पब्लिक ईवी चार्जर; ₹15 प्रति यूनिट की दर से चार्ज होंगी गाड़ियां, भविष्य में लगेंगे 60kW के फास्ट चार्जर

​बालोद, 10 जुलाई 2026:

पर्यावरण संरक्षण और जैविक ईंधनों (पेट्रोल-डीजल) पर निर्भरता कम करने की दिशा में बालोद जिला प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है। माननीय प्रधानमंत्री की मंशानुसार जिला प्रशासन द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में पहला ‘पब्लिक ईवी चार्जर’ स्थापित किया गया है। इस सुविधा की शुरुआत होने से अब कलेक्ट्रेट आने वाले आम नागरिक और अधिकारी-कर्मचारी आसानी से अपने वाहनों को चार्ज कर सकेंगे।

​₹15 प्रति यूनिट की दर से होगी चार्जिंग, ऐप से होगा भुगतान

जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF), बालोद से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित किए गए इस पब्लिक चार्जर की क्षमता 7.2 kW है। इस चार्जर का उपयोग करने के लिए वाहन चालकों को ‘टाटा पॉवर इजेड चार्ज’ (Tata Power EZ Charge) मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करना होगा। इस सुविधा के लिए 15 रुपये प्रति यूनिट की दर तय की गई है, जिसका भुगतान ऐप के माध्यम से बेहद सुगमता से किया जा सकेगा।

​वाहनों की पूलिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल पर जोर

जिला प्रशासन ने पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए एक विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत कलेक्ट्रेट और अन्य शासकीय विभागों में यथासंभव वाहनों की पूलिंग व्यवस्था (कारपूलिंग) करने तथा अधिकारियों व कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर में चार्जर की स्थापना इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है ताकि ईवी चालकों को चार्जिंग की समस्या न हो।

​भविष्य में पूरे जिले में लगेंगे 60kW के फास्ट चार्जर

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यह जिला प्रशासन की शुरुआती पहल है। भविष्य में इस योजना का और अधिक विस्तार किया जाएगा। आने वाले समय में बालोद जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण और सार्वजनिक स्थानों पर 60 kW क्षमता वाले हाई-स्पीड (फास्ट) चार्जर स्थापित किए जाएंगे, जिससे भारी और कम समय में चार्ज होने वाले वाहनों को भी बढ़ावा मिलेगा।

​प्रशासन की अपील

जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF), बालोद के सहायक नोडल अधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दें और जिला प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में शुरू की गई इस पब्लिक चार्जिंग सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!