
बालोद। 14वीं वाहिनी (भा/र) छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, धनोरा, जिला बालोद में मंगलवार को नई सेनानी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। उनके कार्यालय पहुंचने पर वाहिनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद सेनानी मोनिका ठाकुर ने वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक ली। बैठक में वाहिनी की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था, सुरक्षा दायित्व, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सहायक सेनानी श्री किशोरी लाल वर्मा, श्री अलबिनुस मिंज, कंपनी प्रभारी एवं सुबेदार श्री बीरेन्द्र सिंह, क्वार्टर मास्टर शाखा के श्री बैसनाथ बंजारे, प्रशिक्षण शाखा के प्रशिक्षु प्लाटून कमांडर, कार्यालयीन शाखा के लिपिकीय स्टाफ सहित सभी शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सेनानी मोनिका ठाकुर ने प्रशासन, प्रशिक्षण, क्वार्टर मास्टर तथा कंपनी संचालन सहित सभी शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय, टीम वर्क, अनुशासन, समयबद्धता तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनाती को देखते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही नक्सल गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखते हुए प्रभावी सूचना संकलन एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
सेनानी मोनिका ठाकुर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि वाहिनी की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाकर जनसुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
Related Posts
September 10, 2026
September 5, 2026
September 3, 2026