बालोद, 17 सितंबर 2026। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बालोद जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के संदेश को लेकर जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में एक लाख से अधिक दीपों की रोशनी ने पूरे परिसर को जगमगा दिया। दीपों से भारत का मानचित्र तैयार कर सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस एक माह के अभियान के दौरान जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां, शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सांसद भोजराज नाग ने की जिला प्रशासन की सराहना
जिला स्तरीय कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
सांसद श्री भोजराज नाग ने भव्य आयोजन के लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी सहित पूरे जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता सभी के समर्पण, सेवाभाव और कर्तव्यपरायणता का परिणाम है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
दीपों की रोशनी में दिखा ‘सेवा’ और ‘जनभागीदारी’ का संदेश
‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बालोद जिले में भी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। स्टेडियम परिसर में जलाए गए हजारों दीपों ने सेवा, सकारात्मकता, सहयोग और जनभागीदारी का संदेश दिया।
एक साथ बड़ी संख्या में प्रज्वलित दीपों से तैयार भारत का मानचित्र कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। इस दृश्य ने पूरे आयोजन को विशेष और यादगार बना दिया।
जनकल्याणकारी योजनाओं से आम लोगों के जीवन में बदलाव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री भोजराज नाग ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दीर्घ सार्वजनिक सेवा यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास और जनकल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, कोरोना काल में निःशुल्क टीकाकरण, रेलवे के आधुनिकीकरण और अमृत भारत स्टेशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंगोली ने बढ़ाई कार्यक्रम की भव्यता
कार्यक्रम में नवचेतना फाउंडेशन कलंगपुर द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। फाउंडेशन की ओर से स्टेडियम परिसर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की थीम पर आकर्षक रंगोली भी बनाई गई, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, पूर्व विधायक श्री वीरेन्द्र साहू, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लुनिया, श्री राकेश (छोटू) यादव, श्री पवन साहू, श्री अभिषेक शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
एक लाख दीयों से बना भारत का मानचित्र
उल्लेखनीय है कि स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में एक लाख से अधिक दीयों को प्रज्वलित कर भारत का मानचित्र प्रदर्शित किया गया। इस भव्य आयोजन के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य को जनभागीदारी से जोड़ते हुए जिले में शासकीय योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सेवा भावना को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।
दीयों की रोशनी से जगमगाते भारत के मानचित्र और हजारों लोगों की मौजूदगी ने बालोद में सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ को यादगार बना दिया।