
बालोद जिले के मेढ़की गांव में एक अनोखा नियम बनाया गया है।जहां अगर गांव का कोई भी व्यक्ति चुगली करते हुए पाया जाता है तो उसे ग्राम समिति में 5000 रुपए जुर्माना देना होगा। वहीं शराब पीकर इधर उधर घूमते या सार्वजनिक कार्यक्रम में कोई शामिल होता है तो उसे भी जुर्माने के तौर पर 5000 रुपए देना होगा।
दरअसल 19 फरवरी को मेढ़की गांव में दो लोगों के बीच विवाद हो गया।जिसके चलते गाली गलौच और मारपीट की नौबत तक आ गई थी।जब गांव के प्रमुखों ने विवाद की वजह जानने की कोशिश की तो पता चला कि कुछ लोगों ने किसी तीसरे व्यक्ति को लेकर चुगली की थी।जो बात उन तक पहुंच गई जिसके बाद विवाद की स्थिति पैदा हो गई।यह विवाद गांव के प्रमुखों के पास पहुंचने के बाद गांव में पंचायत के जनप्रतिनिधियों सरपंच पंच के अलावा ग्राम समिति प्रमुखों की मौजूदगी में उसी दिन बैठक आयोजित की गई।जिसमें यह तय किया गया कि कोई भी व्यक्ति गांव के किसी अन्य व्यक्ति के खिलाफ चुगली करता है या कोई ऐसी बात करता है जिससे उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचे या फिर किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अशोभनीय बात करता है तो उसे ग्राम विकास समिति में 5000 रुपए दंड के तौर पर देना होगा।
ग्राम प्रमुख की ओर से लिया गया यह फैसला गांव में विवाद रोकने के लिए लिया गया है इसके अलावा गांव में भाईचारा और सौभद्रता बनाए रखने के लिए भी यह नियम कारगर साबित होगा।
यही नहीं अगर कोई व्यक्ति शराब पीकर सार्वजनिक जगह या सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचता है तो उसके लिए भी 5000 जुर्माना का प्रावधान रखा गया है। जिसे 7 दिन के भीतर ग्राम विकास समिति में जमा करना होगा।
मेढ़की गांव के लोगों की ओर से लिया गया यह फैसला आज चर्चा का विषय बना हुआ है वही गांव के लोग इस फैसले से काफी खुश नजर आ रहे हैं।
Related Posts
September 5, 2026
September 2, 2026
August 20, 2026