
आज देशव्यापी जनगणना अभियान की शुरुआत के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी नम्रता सिंह ने स्वयं अपनी सहभागिता निभाते हुए जनगणना कार्य को राष्ट्रहित का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान बताया। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना भर नहीं है, बल्कि यह देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के उचित वितरण एवं भविष्य की नीतियों को निर्धारित करने का मजबूत आधार है।
नम्रता सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनगणना अभियान से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की योजनाएं तैयार की जाती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह इस राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करे तथा सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराए।
उन्होंने कहा कि जनगणना से देश की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का सही आकलन संभव हो पाता है, जिससे शासन को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं बनाने में सहायता मिलती है। यह अभियान देश के समग्र विकास और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जब भी जनगणना कर्मी आपके घर पहुंचे, तब उन्हें आवश्यक जानकारी सही तरीके से उपलब्ध कराएं एवं इस अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक के रूप में हम सभी का कर्तव्य है कि राष्ट्रहित के इस कार्य में सकारात्मक सहयोग करें।
उन्होंने जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत एवं समर्पण से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न होगा और देश के विकास को नई दिशा मिलेगी।
Related Posts
July 31, 2026
July 29, 2026
July 28, 2026