Sachkaaina

Home / योजना / जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह के लगातार दौरे से ग्रामीण विकास कार्यों को मिल रही गति, विभिन्न ग्रामों में भूमिपूजन एवं जनसंपर्क कार्यक्रम संपन्न

जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह के लगातार दौरे से ग्रामीण विकास कार्यों को मिल रही गति, विभिन्न ग्रामों में भूमिपूजन एवं जनसंपर्क कार्यक्रम संपन्न

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह लगातार क्षेत्रीय दौरे कर ग्रामीण विकास कार्यों को गति प्रदान कर रही हैं। वे प्रतिदिन विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर विकास कार्यों का शुभारंभ, आमजन से संवाद एवं जनसमस्याओं के निराकरण हेतु सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके निरंतर जनसंपर्क एवं सक्रिय कार्यशैली से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई दिशा मिल रही है।

 

इसी क्रम में ग्राम राणाटोला, ककईपार, माटेवा, दुगाटोला एवं गोटाटोला में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। ग्राम दुगाटोला में माननीय शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव जी की अनुशंसा से स्वीकृत प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं ग्राम गोटाटोला के प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला परिसर में शेड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। ग्राम राणाटोला के माध्यमिक शाला प्रांगण, ककईपार एवं माटेवा में भी विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों की शुरुआत की गई।

 

साथ ही ग्राम दुगाटोला में ग्रामीणों की पेयजल सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर खनन कार्य का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, सामाजिक गतिविधियों एवं मूलभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी तथा आमजन को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

 

अपने लगातार जनसंपर्क दौरे के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ग्राम डुण्डेरा पहुंचकर श्री मुकेश निर्मलकर जी की बहन के शोक कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पानी, शिक्षा, सामुदायिक भवन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने एवं प्रत्येक ग्राम में विकास कार्य सुनिश्चित करने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है तथा क्षेत्र के विकास के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं।

अपने लगातार दौरों के दौरान नम्रता सिंह ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं को भी सुन रही हैं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही हैं। क्षेत्रवासियों के बीच उनकी सक्रियता, सरल व्यवहार एवं विकास के प्रति समर्पण को लेकर व्यापक सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है।

इन कार्यक्रमों में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, पंचगण, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों एवं जिला पंचायत अध्यक्ष की सक्रियता की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!