भारतीय संविधान के निर्माता, बोधिसत्व बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के पावन अवसर पर धमतरी के गोंडवाना भवन में एक भव्य ‘प्रादेशिक सम्यक प्रबोधन एवं काव्य पाठ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय दलित साहित्य अकादमी (छत्तीसगढ़ राज्य इकाई) एवं साप्ताहिक ‘छत्तीसगढ़ साथी’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस गरिमामय समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को ‘अवार्ड-2026’ राज्य अलंकरण से नवाजा गया।
ग्राम सांगली (पलारी, ब्लॉक गुरुर) की बेटी पूजा साहू ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
इस कार्यक्रम में कु. पूजा साहू को ‘वीरांगना दुर्गावती स्वाभिमान अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। ग्राम सागौनी की बेटी पूजा ने इतनी कम उम्र में अपनी प्रतिभा के दम पर कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिससे उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
वर्तमान में पूजा साहू स्वामी आत्मानंद स्कूल, दुर्ग में अध्ययनरत हैं। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
विविध क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह में पूजा साहू के साथ ही प्रदेश भर से आईं अन्य प्रमुख हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में श्रीमती जुबेदा बेगम, श्रीमती रामेश्वरी मानिकपुरी, श्री तोरण दास मानिकपुरी, और श्री बुधराम साहू सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल थे।
आयोजन का उद्देश्य
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना और समाज के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का सफल संचालन भारतीय दलित साहित्य अकादमी के प्रांताध्यक्ष एवं ‘छत्तीसगढ़ साथी’ के संपादक जी.आर. बंजारे ‘ज्वाला’ के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में साहित्यकार, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने बाबा साहब को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।