Home / बीजेपी / भारतीय जनता पार्टी बालोद जिला द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान अंतर्गत दो दिवसीय आवासीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का भव्य शुभारंभ आज चुरंगिया भवन, पाकुर भाट (बालोद) में हुआ।
भारतीय जनता पार्टी बालोद जिला द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान अंतर्गत दो दिवसीय आवासीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का भव्य शुभारंभ आज चुरंगिया भवन, पाकुर भाट (बालोद) में हुआ।
इस प्रशिक्षण वर्ग में जिले के सभी 17 मंडलों से पहुंचे पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
प्रशिक्षण वर्ग का प्रारंभ प्रातः पंजीयन से हुआ। इसके पश्चात पार्टी ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्रहित में अपने प्राणों की आहुति देने वाले महापुरुषों के तैलचित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं अतिथियों ने अवलोकन किया। वंदे मातरम्, संगठन गीत एवं राजगीत के माध्यम से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।
प्रथम सत्र के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रशिक्षण विभाग के संयोजक माननीय डॉ. अवधेश जैन, बालोद जिला प्रभारी श्रीमती संध्या परगनिया, जिला अध्यक्ष श्री चेमन देशमुख, छत्तीसगढ़ वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री यज्ञदत्त शर्मा एवं जिला महामंत्री श्री सौरभ लुनिया उपस्थित रहे।
प्रथम सत्र में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चेमन देशमुख ने स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रशिक्षण वर्ग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सीखना एक सतत प्रक्रिया है तथा वर्तमान राजनीति में नई-नई चुनौतियों एवं विषयों को समझने के लिए भाजपा की संगठनात्मक प्रक्रिया, विचारधारा एवं कार्यपद्धति को जानना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष लाखों नए कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ते हैं, जिन्हें प्रशिक्षण के माध्यम से पार्टी की विचारधारा एवं कार्यसंस्कृति से परिचित कराना जरूरी है।
इसके पश्चात प्रदेश प्रशिक्षण विभाग के संयोजक डॉ. अवधेश जैन ने “हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान — एकात्म मानववाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं पांच निष्ठाएं” विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पांच निष्ठाओं एवं एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग विभिन्न विषयों की गहन जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे को समझने एवं संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने में भी सहायक होता है।
द्वितीय सत्र में भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष माननीय श्री जगन्नाथ पाणिग्रही ने “देश के समक्ष राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियां” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए तथा वर्तमान परिस्थितियों में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
तृतीय सत्र में भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती स्वप्निल मिश्रा ने “भाजपा की विशिष्ट कार्यपद्धति एवं संगठन विस्तार” विषय पर मार्गदर्शन देते हुए संगठन को मजबूत बनाने के विभिन्न आयामों पर चर्चा की।
चतुर्थ सत्र में भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय ने “कार्यकर्ता विकास, गुण, आचरण एवं दायित्व बोध” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की अपेक्षाओं एवं कार्यकर्ता के व्यवहारिक गुणों पर प्रकाश डाला।
पंचम सत्र में भाजपा छत्तीसगढ़ ओबीसी मोर्चा के महामंत्री श्री उपकार चंद्राकर ने “हमारा इतिहास — हमारा विकास” विषय पर उद्बोधन देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रसेवा एवं अंत्योदय के सिद्धांतों पर कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए संगठन की मजबूत नींव रखी, जिसके परिणामस्वरूप भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।
षष्ठम सत्र में भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी श्रीमती संध्या परगनिया ने “छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहर” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस प्रकार प्रशिक्षण महाभियान के प्रथम दिवस में कुल छह विषयों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस 20 मई को प्रातः योग सत्र आयोजित किया जाएगा तथा सुबह 9 बजे से प्रशिक्षण वर्ग के आगामी सत्र प्रारंभ होंगे।