Skip to main content

Sachkaaina

Home / बीजेपी / सरदार पटेल मैदान के साथ अब पुराना बस स्टैंड शिव मंदिर के पास भी हाईमास्ट लाइट की मांग कलेक्टर के नाम जनप्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन, शहर के दो प्रमुख स्थलों पर रोशनी बढ़ाने की पहल

सरदार पटेल मैदान के साथ अब पुराना बस स्टैंड शिव मंदिर के पास भी हाईमास्ट लाइट की मांग कलेक्टर के नाम जनप्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन, शहर के दो प्रमुख स्थलों पर रोशनी बढ़ाने की पहल

बालोद। शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरदार पटेल मैदान के साथ ही पुराना बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर के पास भी हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग उठी है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद बालोद के वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद दीपक कुमार, एल्डरमैन नितेश वर्मा, पूर्व एल्डरमैन विनोद जैन एवं रंजन कुलदीप ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर दोनों स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि जिला खनिज संस्थान न्यास के अंतर्गत 17 अक्टूबर 2025 को सरदार पटेल मैदान में 5.97 लाख रुपये की लागत से हाईमास्ट लाइट लगाने की प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। सरदार पटेल मैदान शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा खेल गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। वहीं बुजुर्ग एवं अन्य नागरिक सुबह-शाम टहलने और समय बिताने पहुंचते हैं। इसके अलावा यहां विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। ऐसे में मैदान के विस्तृत क्षेत्र को देखते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जरूरी है।

पुराना बस स्टैंड शिव मंदिर क्षेत्र में भी रोशनी की जरूरत

जनप्रतिनिधियों ने पुराना बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर के पास भी अलग से हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग रखी है। उनका कहना है कि यह इलाका शहर का प्रमुख केंद्र है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यहां हाईमास्ट लाइट लगने से नागरिकों को सुविधा मिलेगी और रात के समय भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मधु चौक एवं घड़ी चौक में लोक निर्माण विभाग द्वारा पहले ही हाईमास्ट लाइट लगाई जा चुकी है। वहीं गंगासागर तालाब परिसर के लिए स्वीकृत लाइट का कार्य दूध गंगा के पास किया जा रहा है। ऐसे में रिक्त हो रही अथवा अन्य स्वीकृतियों में से एक हाईमास्ट लाइट पुराना बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर के पास स्थापित की जाए।

जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि सरदार पटेल मैदान में पूर्व स्वीकृत हाईमास्ट लाइट का कार्य यथावत कराया जाए तथा पुराना बस स्टैंड शिव मंदिर के पास अतिरिक्त हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग पर भी सकारात्मक पहल की जाए, ताकि शहर के दोनों महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!