Skip to main content

Sachkaaina

Home / बालोद / कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने किया बैम्बू राफ्टिंग का आनंद: सियादेवी इको टूरिज्म फेर्स्ट का हुआ शुभारंभ

कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने किया बैम्बू राफ्टिंग का आनंद: सियादेवी इको टूरिज्म फेर्स्ट का हुआ शुभारंभ

बालोद, 13 फरवरी 2026

 बालोद जिले के गुरूर विकासखण्ड के ग्राम नारागांव स्थित सियादेवी जलाशय अब शीघ्र ही प्रमुख पर्यटन केन्द्र के रूप में अपना पहचान कायम करने वाली है। प्रकृति की मनोरम वादियों के बीच स्थित सियादेवी जलाशय के तट पर आज 03 दिवसीय सियादेवी इको टूरिज्म फेस्ट का शुभारंभ किया गया। बालोद जिला प्रशासन द्वारा इस स्थान को इको टूरिज्म केन्द्र रूप मे विकसित करने के उद्देश्य से 13 से 15 फरवरी तक आयोजित इस सियादेवी इको टूरिज्म फेस्ट के शुभारंभ अवसर पर संजारी बालोद के विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, राज्य एथेलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लुनिया, प्रदेश महामंत्रीश्री यशवंत जैन, जिला अध्यक्ष श्री चेमन देशमुख, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी के अलावा कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री अजय किशोर लकरा, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला पंचायत के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पर्यटकगण उपस्थित थे। इस दौरान स्थानीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि के अलावा कलेक्टर, वनमण्डलाधिकारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने बैम्बू राफ्टिंग में सवार होकर सियादेवी जलाशय के भ्रमण का लुत्फ उठाया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा, वनमण्डलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों ने तीरंदाजी, एयर गन आदि विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने स्कूली बच्चों के साथ म्यूजिकल बाॅल खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया।

 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस 03 दिवसीय इको एडवेंचर फेस्ट के बेहतरीन आयोजन की भूरी-भूरी सराहना की। उन्होंने कहा कि सियादेवी जलाशय का यह तट शासन प्रशासन के सहयोग से खूबसूरत पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित हो रहा है। इस अवसर पर उन्होंने इस स्थान पर पर्यटन को बढ़ावा देने तथा नारागांव के ग्रामीणों को आजीविका के साधन उपलब्ध कराने हेतु काॅमप्लेक्स निर्माण करने की भी मांग की। राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन ने सियादेवी जलाशय को इको टूरिज्म पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने हेतु बालोद जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस 03 दिवसीय सियादेवी इको एडवेंचर फेस्ट बेहतरीन आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि कलेक्टर  मिश्रा के मागदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा प्रकृति के इस खूबसूरत वादियों के बीच स्थित इस सियादेवी जलाशय को खूबसूरत पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित करने का जो प्रयास किया जा रहा है वह वास्तव में काबिले-तारीफ है। इस अवसर पर उन्होंने इस सियादेवी जलाशय से जुड़े पुराने स्मृतियों को भी साझा किया। श्री जैन ने पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह के कार्यकाल के दौरान भी सियादेवी जलाशय को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने हेतु किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के प्रयासों से आज से कुछ समय पूर्व तक धूर नक्सल प्रभावित रहे बस्तर संभाग में भी पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु अनेक कार्य किए गए हैं। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं स्थानीय कलाकारों ने सुमधुर गीत-संगीत की प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल में स्थानीय व्यंजनों एवं उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु स्टाॅल भी लगाए गए थे। इन स्टाॅलों में पर्यटकों एवं आगंतुकों के लिए ठेठरी, खुरमी आदि स्थानीय व्यंजनों के अलावा अन्य खाद्य पदार्थ एवं स्थानीय उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा सियादेवी जलाशय के तट पर वाॅल क्लाईबिंग, टायर क्लाईबिंग, मोटर बाईक, फ्लोटिंग बलून, हाॅट एयर बलून अन्य गतिविधियां हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!