
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी ।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंहने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण विधेयक के पारित न हो पाने पर गहरी निराशा व्यक्त करते हुए विपक्ष पर तीखा कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधेयक का रुकना नहीं है, बल्कि देश की आधी आबादी के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के सपनों को रोकने का प्रयास है।
श्रीमती सिंह ने कहा कि जब भी महिलाओं को उनके हक और अधिकार देने की बात आती है, तब विपक्ष की असली मानसिकता सामने आ जाती है। मंचों पर महिला सशक्तिकरण की बातें करने वाले दल आज इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चुप्पी या विरोध का सहारा लेकर अपनी दोहरी नीति उजागर कर रहे हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजनीतिक स्वार्थ के चलते महिलाओं के भविष्य से समझौता किया जा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं, लेकिन विपक्ष हर सकारात्मक पहल में बाधा डालने का काम कर रहा है। यह रवैया लोकतंत्र की भावना के भी विपरीत है।
नम्रता सिंह ने आगे कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण केवल एक संख्या नहीं, बल्कि करोड़ों महिलाओं की आकांक्षाओं और उनके अधिकारों का प्रतीक है। इसे रोकना यह दर्शाता है कि विपक्ष महिलाओं को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहता। देश की महिलाएं अब जागरूक हैं और समय आने पर इसका जवाब जरूर देंगी।
उन्होंने अंत में कहा कि देश की मातृशक्ति इस अन्याय को भली-भांति समझती है। यह आक्रोश केवल संसद की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में जन-जन की आवाज बनकर उभरेगा।हर चुनाव में इसका जवाब मिलेगा, क्योंकि अब देश की महिलाएं अपने सम्मान और अधिकारों के साथ कोई समझौता नहीं करेंगी
Related Posts
July 22, 2026
July 14, 2026
July 3, 2026