Skip to main content

Sachkaaina

Home / राजनीति / अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा विकास: जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह की पहल से ग्राम पंचायतों में बुनियादी सुविधाएँ होंगी मजबूत

अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा विकास: जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह की पहल से ग्राम पंचायतों में बुनियादी सुविधाएँ होंगी मजबूत

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में ग्रामीण विकास को नई गति मिली है। वि.बी.जी.आर. योजना एवं अन्य स्वीकृत मदों के अंतर्गत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम, महिला घाट एवं बाजार शेड जैसे महत्वपूर्ण जनहितकारी निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।

इन निर्माण कार्यों की स्वीकृति जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह के सतत प्रयासों, जनसमस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता तथा शासन स्तर पर किए गए निरंतर अनुश्रवण का परिणाम मानी जा रही है। उन्होंने विभिन्न ग्राम पंचायतों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के समक्ष लगातार पहल की, जिसके फलस्वरूप इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी मिली।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विकास केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि मुक्तिधामों के निर्माण से ग्रामीणों को सम्मानजनक अंतिम संस्कार की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। महिला घाटों के निर्माण से महिलाओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्थान मिलेगा, जबकि बाजार शेड बनने से किसानों, स्व-सहायता समूहों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण उत्पादकों को अपने उत्पादों के क्रय-विक्रय के लिए बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और जिला पंचायत भी इसी संकल्प के साथ कार्य कर रही है, ताकि जिले का कोई भी गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे।

श्रीमती नम्रता सिंह ने बताया कि आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, सामुदायिक भवन, महिला सशक्तिकरण तथा ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने इन महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्यों की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा, राज्य शासन तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग से जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने जिले की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास, स्नेह और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे भविष्य में भी जिले के प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने, जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन स्वीकृत निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के बाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा, लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!