
बालोद,
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग बालोद द्वारा 20 मई को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद होने की सूचना दी गई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के औषधि निरीक्षक ने बताया कि ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा ऑनलाईन फार्मेसी के विरोध में 20 मई 2026 को एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अंतर्गत देशभर में लगभग 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट एवं औषधि वितरक मौजूद है। उनके द्वारा 20 मई 2026 को एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में जिला बालोद केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट संघ के द्वारा एकदिवसीय दवा व्यापार बंद की अग्रिम सूचना का ज्ञापन कार्यालय कलेक्टर जिला बालोद में सौंपा गया है। इसके मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला बालोद के द्वारा जिले के नागरिकों से आवश्यक सावधानियां एवं व्यवस्था रखने की अपील की गई है। इसके अंतर्गत गंभीर एवं लंबी बीमारी जैसे कि डायबीटिज, बीपी, अस्थमा, हृदयरोगी, कैंसर रोगी, मिरगी एवं अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों को रोजमर्रा में लगने वाली दवाईयों के पर्याप्त स्टॉक खरीदकर रखने तथा आपातकालीन दवाईयां जैसे कि अस्थमा के इनहेलर, जीवनरक्षक दवाइयां, बच्चों की दवाइयां की पर्याप्त मात्रा संधारित करने को कहा गया है। इसके अलावा कोई भी आपातकालीन स्थिति निर्मित होने पर तुरंत पास के नजदीकी अस्पताल में एवं जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में संपर्क करने एवं जिला चिकित्सालय एवं समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्रों को 20 मई 2026 को निश्चितरूप से 24 घंटे खोले रखने का निर्देश जारी किया गया है ताकि आमजनों को दवाईयां मिलने में दिक्कत ना हो। उन्होंने बताया कि बालोद जिले में खुदरा विक्रेता श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स बंद में शामिल नहीं है एवं आपातकालीन स्थिति में दवाइयों के लिए ऐसे विक्रेताओं से संपर्क किया जा सकता है। कोई भी परेशानी अथवा आपातकालीन स्थिति निर्मित होने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के टोल फ्री नंबर 9340597097 में संपर्क किया जा सकता है। स्थिति को सामान्य बनाए रखने हेतु स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला बालोद द्वारा जिला दवा विक्रेता संघ से निम्नलिखित अपील की गई है। इसके अंतर्गत दवा विक्रेता संघ को शांतिपूर्ण एवं वैध तरीके से बंद का समर्थन देने की अपील की गई है। आपातकालीन स्थिति में जनहित को देखते हुए आपातकालीन, जीवनरक्षक दवाइयों को सप्लाई करने की अपील की गई है एवं आपातकालीन स्थिति में दवाईयों हेतु ईन नंबरों पर 9893582201, 9827118195 संपर्क कर सकते हैं। बंद के दौरान कोई भी अफवाह एवं गलत जानकारी न फैलाने की अपील की गई है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के साथ सामंजस्य बनाए रखने की अपील की गई है।
Related Posts
October 27, 2026
October 26, 2026
October 19, 2026