छत्तीसगढ़ के राजनीतिक इतिहास में सादगी और जनसेवा का एक ऐसा नया अध्याय जुड़ने जा रहा है, जिसकी गूंज पूरे प्रदेश में है। बेमेतरा से मौजूदा विधायक दीपेश साहू ने वीआईपी तड़क-भड़क और शादियों में होने वाली बेहिसाब फिजूलखर्ची को दरकिनार कर एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। वे किसी आलीशान रिसॉर्ट या होटल के बजाय, सरकार की ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के तहत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में आम जनता के बीच शादी के बंधन में बंधेंगे। बेमेतरा के इतिहास में यह पहला मौका है जब कोई सिटिंग एमएलए इस तरह सरकारी योजना का हिस्सा बनकर परिणय सूत्र में बंधने जा रहा है।
31 मई को बेसिक स्कूल मैदान बनेगा ऐतिहासिक पल का गवाह
आगामी 31 मई को बेमेतरा नगर का ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान एक अभूतपूर्व उत्सव का साक्षी बनेगा। इस भव्य और सादगीपूर्ण सामूहिक मंडप में विधायक दीपेश साहू अकेले नहीं होंगे; उनके साथ क्षेत्र के 23अन्य जोड़े भी वैदिक मंत्रोच्चार के बीच एक-दूसरे का हाथ थामेंगे। विधायक का यह कदम समाज के उन परिवारों के लिए एक बड़ा संबल है, जो शादी-ब्याह के भारी कर्ज के बोझ तले दब जाते हैं।
फैसले के पीछे का विजन: सरकारी योजनाओं पर बढ़े जनता का भरोसा
अक्सर देखा जाता है कि लोग झिझक या संकोच के कारण सरकारी सामूहिक विवाह योजनाओं से दूरी बनाकर रखते हैं। इसी धारणा को बदलने के लिए विधायक दीपेश साहू ने खुद उदाहरण पेश किया है। उनका मानना है:
”कोई भी शासकीय योजना तभी प्रभावी होती है, जब जनप्रतिनिधि स्वयं आगे बढ़कर उसका हिस्सा बनें और समाज में एक जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करें।”
इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर बेमेतरा जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। खास बात यह है कि विधायक दीपेश साहू खुद विवाह स्थल पर जाकर लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। विधायक के इस अनोखे और जमीन से जुड़े फैसले के कारण उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री और कई दिग्गज नेता देंगे आशीर्वाद
विधायक के इस फैसले का प्रशासन की तरफ से भी स्वागत किया गया है और बकायदा इनविटेशन कार्ड भी भेज दिए गए हैं। इस खास मौके पर वर और वधू को आशीर्वाद देने के लिए खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मौजूद रहेंगे।
उनके साथ गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने वाले दिग्गजों में शामिल हैं:
डॉ. रमन सिंह (विधानसभा अध्यक्ष)
रमेश सिंह (केंद्रीय राज्य मंत्री)
विजय बघेल (सांसद)
अरुण साव (उपमुख्यमंत्री)
विजय शर्मा (उपमुख्यमंत्री)
इसके अलावा शासन के कई अन्य मंत्री और विधायक भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने और अपना प्यार-आशीर्वाद देने कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।