Sachkaaina

Home / मोहला / संवाद से समाधान : जन चौपाल में पहुंचीं जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, ग्रामीणों की समस्याएं सुन त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

संवाद से समाधान : जन चौपाल में पहुंचीं जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, ग्रामीणों की समस्याएं सुन त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के चौकी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत परसाटोला के आश्रित ग्राम खुर्सीटिकुल में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह शामिल हुईं। जन चौपाल में पहुंचते ही ग्रामीणों ने पारंपरिक रूप से उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, नाली निर्माण, विद्युत व्यवस्था, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को उनके समक्ष रखा। जिस पर नम्रता सिंह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए तथा विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने की बात कही।

नम्रता सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान एवं आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को गांव स्तर पर सुनकर उनका त्वरित निराकरण करना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने ग्राम खुर्सीटिकुल में नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर विकास कार्यों की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना प्राथमिकता है तथा स्वच्छता एवं बेहतर जल निकासी व्यवस्था के लिए नाली निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इस निर्माण कार्य से ग्रामीणों को सुविधा मिलने के साथ-साथ गांव में स्वच्छ वातावरण भी सुनिश्चित होगा।

जन चौपाल में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों द्वारा स्कूल परिसर में आहता निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर नम्रता सिंह ने तत्काल आहता निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण तैयार करना आवश्यक है, ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक माहौल मिल सके। स्कूल परिसर में आहता निर्माण होने से विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को काफी सुविधा मिलेगी।

नम्रता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास कार्य पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन चौपाल के माध्यम से गांव में पहुंचकर समस्याओं को सुनना एवं तत्काल समाधान के लिए पहल करना सराहनीय कार्य है। ग्रामीणों ने विकास कार्यों एवं घोषणाओं के लिए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!