Home / योजना / बालोद के नए बस स्टैंड क्षेत्र को जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत: 23 लाख की नाली निर्माण योजना का हुआ भूमिपूजन, वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की शुरुआत
बालोद। शहर के नए बस स्टैंड क्षेत्र में वर्षों से बारिश के मौसम में होने वाली जलभराव की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण विकास कार्य का शुभारंभ किया गया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा लगभग 23 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली बहुप्रतीक्षित नाली निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों में खुशी की लहर है, क्योंकि लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी की समस्या अब दूर होने की उम्मीद जगी है।
बताया गया कि नया बस स्टैंड क्षेत्र में हर वर्ष मानसून के दौरान भारी जलभराव की स्थिति बन जाती थी। सड़कें तालाब का रूप ले लेती थीं, जिससे आम नागरिकों, यात्रियों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार व्यापार भी प्रभावित होता था और लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय नागरिक लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।
प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन की पहल लाई रंग
इस महत्वपूर्ण विकास कार्य को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन के सतत प्रयासों और जनहित के प्रति उनकी सक्रिय पहल का परिणाम माना जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र की समस्या को गंभीरता से उठाते हुए लोक निर्माण मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव से लगातार चर्चा की और नए बस स्टैंड क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष रूप से नाली निर्माण की मांग रखी।
श्री जैन के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 23 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की। राशि स्वीकृत होने के बाद अब नाली निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है, जिससे वर्षों पुरानी समस्या के समाधान का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत, व्यापार और आवागमन होगा सुगम
निर्माणाधीन नाली पूरी होने के बाद वर्षा का पानी तेजी से निकासी मार्ग तक पहुंच सकेगा, जिससे नए बस स्टैंड क्षेत्र में जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। इससे सड़कें सुरक्षित रहेंगी, दुकानों में पानी भरने की समस्या नहीं होगी तथा आम लोगों और यात्रियों को भी राहत मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने कहा कि यह कार्य लंबे समय से उनकी सबसे बड़ी मांग थी। वर्षों तक परेशानी झेलने के बाद अब इस योजना के शुरू होने से लोगों में विश्वास जगा है कि जल्द ही उन्हें स्थायी समाधान मिलेगा।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने लोक निर्माण मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके संवेदनशील निर्णय से शहर की एक बड़ी समस्या का समाधान संभव हो पाया है। साथ ही भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन के निरंतर प्रयासों और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की भी सराहना की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि श्री जैन लगातार बालोद के विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रयासरत हैं और उनकी पहल से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक रहे उपस्थित
भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव,पार्षद गिरजेश गुप्ता, सुनीता मनहर, प्रीतम यादव, गोकुल ठाकुर, आशा पटेल, कांति साहू, श्यामा यादव, गोमती रात्रे, पुष्पा साहू, हितेश्वरी कौशिक, जागेश्वर ढीमर एवं बंटी शर्मा, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष हरीश सांखला, वरिष्ठ भाजपा नेता दानमल जैन, युवा नेता रजत, राज सोनी, महेश पाठक, संजय शर्मा, दीप्ति यादव, हेमराज जग्यासी, किशोर बाफना सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यापारी एवं शहरवासी उपस्थित रहे।
शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
नया बस स्टैंड क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नागरिकों को उम्मीद है कि कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण होगा और आगामी मानसून से पहले क्षेत्र को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि नागरिकों को बेहतर यातायात, स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित आवागमन जैसी सुविधाएं भी प्राप्त होंगी।