Home / पुलिस / धमतरी में चिट्टा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 3 आरोपी गिरफ्तार; 15 ग्राम हेरोइन जब्त 3.53 लाख रुपए का मशरूम जप्त पूछताछ में सामने आया कथित मुख्य सप्लायर का नाम, नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी पुलिस
धमतरी में चिट्टा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 3 आरोपी गिरफ्तार; 15 ग्राम हेरोइन जब्त 3.53 लाख रुपए का मशरूम जप्त पूछताछ में सामने आया कथित मुख्य सप्लायर का नाम, नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी पुलिस
धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की कथित अवैध बिक्री में संलिप्त तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा नकदी, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 53 हजार 520 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। इस कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों में भी हलचल मची हुई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन निश्चय’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली और स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर शीतला मंदिर के पास दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि सोरिद नगर स्थित शीतला मंदिर के पास कुछ युवक हेरोइन (चिट्टा) लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान इस प्रकार है—
1. केशव उर्फ बब्लू सोनी (24 वर्ष), निवासी रिसाई पारा, कोडेमल धर्मशाला के सामने, जिला धमतरी।
2. शुभम सोनी (19 वर्ष), निवासी जोधापुर वार्ड, डाकबंगला वार्ड, शंकर नगर, जिला धमतरी।
3. आशुतोष उर्फ आशु तिवारी (25 वर्ष), निवासी आमा तालाब रोड, इंडोर स्टेडियम के पास, जिला धमतरी।
नकदी, मोबाइल और तौल मशीन समेत 3.53 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), बिक्री की 9 हजार रुपये नकद राशि, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन (ओप्पो एवं रियलमी) और दो लाइटर जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 3,53,520 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में मुख्य सप्लायर का सुराग, पुलिस की तलाश जारी
इस कार्रवाई का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर एक कथित मुख्य सप्लायर की संलिप्तता सामने आई है। अब पुलिस टीम उक्त सप्लायर की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से उम्मीद जताई जा रही है कि नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की अन्य कड़ियां भी सामने आ सकती हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को विशेष न्यायालय (एनडीपीएस) के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस की आम जनता से अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशा युवाओं के भविष्य और समाज के लिए गंभीर खतरा है। जिले में कहीं भी नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।