Skip to main content

Sachkaaina

Home / बालोद जिला / अवैध कबाड़ी कारोबारियों की खैर नहीं, बालोद पुलिस ने दो ठिकानों पर मारा छापा

अवैध कबाड़ी कारोबारियों की खैर नहीं, बालोद पुलिस ने दो ठिकानों पर मारा छापा

दो कबाड़ी संचालकों पर कार्रवाई, बिना वैध दस्तावेज मिले भारी मात्रा में वाहन पार्ट्स और टायर बरामद

बालोद। जिले में अवैध कबाड़ी कारोबार के खिलाफ बालोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 2 लाख 13 हजार रुपये मूल्य का अवैध कबाड़ जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से कबाड़ी कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कबाड़ी कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चौव्हाण के मार्गदर्शन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद विनय कुमार साहू के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पहले प्रकरण में बघमरा बायपास से 1.18 लाख रुपये का कबाड़ जब्त

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नजीमुद्दीन निवासी रिसाईपारा, धमतरी, बघमरा बायपास रोड किनारे अवैध रूप से कबाड़ी दुकान संचालित कर पुराने वाहनों को खरीदकर गैस कटर से उनके पार्ट्स काटकर अलग-अलग कर रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान में भारी मात्रा में विभिन्न वाहनों के लोहे के कटे हुए पार्ट्स और पुराने टायर मिले। पुलिस ने संचालक को बीएनएसएस की धारा 94 के तहत वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस दिया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

जब्त सामग्री का वजन बालाजी धर्मकांटा में कराया गया, जिसमें 2070 किलोग्राम लोहे के वाहन पार्ट्स पाए गए। पुलिस ने 1,03,500 रुपये मूल्य के लोहे के पार्ट्स तथा 15 पुराने कार एवं ट्रक के टायर (करीब 15,000 रुपये) सहित कुल 1,18,500 रुपये की सामग्री जब्त की।

दूसरे प्रकरण में हीरापुर चौक से 94.50 हजार रुपये का कबाड़ बरामद

इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई हीरापुर चौक, दुर्ग रोड स्थित एक कबाड़ी दुकान पर की गई। यहां समिरूद्दीन निवासी रिसाईपारा, धमतरी द्वारा पुराने वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स अलग किए जाने की सूचना मिली थी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां विभिन्न वाहनों के कटे हुए लोहे के पार्ट्स एवं पुराने टायर मिले। संचालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

धर्मकांटा में वजन कराने पर 1650 किलोग्राम लोहे के पार्ट्स पाए गए। पुलिस ने 82,500 रुपये मूल्य के लोहे के पार्ट्स तथा 15 पुराने कार एवं मैजिक वैन के टायर (करीब 12,000 रुपये) सहित कुल 94,500 रुपये की सामग्री जब्त की।

दोनों के विरुद्ध इस्तगासा तैयार

पुलिस ने दोनों मामलों में बरामद सामग्री के चोरी की संपत्ति होने की आशंका के आधार पर कार्रवाई करते हुए 02 अगस्त 2026 को दोनों कबाड़ी संचालकों के विरुद्ध धारा 106 बीएनएसएस के अंतर्गत अलग-अलग इस्तगासा तैयार किया है।

इस्तगासा क्रमांक 01/2026 – नजीमुद्दीन पिता मुमताजुद्दीन (40 वर्ष), निवासी रिसाईपारा, धमतरी।

इस्तगासा क्रमांक 02/2026 – समिरूद्दीन पिता मुमताजुद्दीन (46 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15, रिसाईपारा, धमतरी।

इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, उपनिरीक्षक कमला यादव, सहायक उपनिरीक्षक गौकरण भंडारी, सहायक उपनिरीक्षक देवकुमार कोर्राम, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, दुर्योधन सिंह यादव, आरक्षक चुलेन्द्र कुर्रे, बनवाली साहू, उमाशंकर सिन्हा तथा संजय सोनी सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त एवं अवैध कबाड़ी कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!