Skip to main content

Sachkaaina

Home / बालोद जिला / बालोद पुलिस का गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 4 आरोपी गिरफ्तार; 138 किलो से अधिक गांजा सहित ₹85.72 लाख की संपत्ति जब्त

बालोद पुलिस का गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 4 आरोपी गिरफ्तार; 138 किलो से अधिक गांजा सहित ₹85.72 लाख की संपत्ति जब्त

बालोद। बालोद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस की कार्रवाई में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 138.551 किलोग्राम गांजा, एक महिंद्रा पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और नगद राशि सहित कुल ₹85 लाख 72 हजार 550 की अनुमानित संपत्ति जब्त की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बालोद  किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  चन्द्रकांत गवर्ना एवं डीएसपी  विनय साहू के मार्गदर्शन में ANTF बालोद तथा थाना सनौद की टीम द्वारा की गई।

मुखबिर की सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार थाना सनौद में अपराध क्रमांक 143/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में दिनांक 21 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अरकार निवासी भीषम सतनामी अपने घर में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ ग्राम अरकार पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी भीषम सतनामी, पिता शत्रुघन सतनामी, उम्र 28 वर्ष, के घर से दो पैकेट एवं पुड़िया में रखा कुल 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

गांजा जब्त कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पूछताछ में भीषम सतनामी ने गांजा ग्राम अरकार निवासी कामता प्रसाद कोसरे से खरीदना बताया, जिसके बाद पुलिस ने तस्करी नेटवर्क की अगली कड़ी की जांच शुरू की।

पूछताछ में सप्लायर कामता प्रसाद कोसरे का नाम आया सामने

विवेचना के दौरान कामता प्रसाद कोसरे से पूछताछ में जानकारी सामने आई कि ग्राम खप्परवाड़ा निवासी दो सगे भाई ओमप्रकाश पटेल एवं कुलेश्वर पटेल पिछले लगभग एक वर्ष से गांजा लाकर क्षेत्र में बिक्री कर रहे थे। कामता प्रसाद ने दोनों भाइयों से गांजा खरीदकर स्थानीय स्तर पर छोटी मात्रा में बिक्री के लिए भीषम सतनामी को उपलब्ध कराया था।

पुलिस ने कामता प्रसाद कोसरे के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम ₹3,000 नगद एवं गांजा सप्लाई के संबंध में बातचीत करने के लिए उपयोग किए जाने वाला मोबाइल फोन भी जब्त किया।

खप्परवाड़ा के दो सगे भाइयों के घर से 134 पैकेट गांजा बरामद

कामता प्रसाद कोसरे से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ग्राम खप्परवाड़ा पहुंची और घेराबंदी कर ओमप्रकाश पटेल एवं कुलेश्वर पटेल को पकड़ा। पूछताछ में दोनों भाइयों ने बताया कि वर्ष 2023 में खेती का काम छोड़कर उन्होंने महिंद्रा पिकअप वाहन खरीदा था। वाहन को किराये पर चलाने के लिए कोलकाता एवं बनारस जाते थे। वाहन संचालन में नुकसान और किश्तों का भुगतान नहीं हो पाने के कारण उन्होंने पिकअप को भिलाई फल मंडी में किराये पर लगाया तथा फल-सब्जी लाने के लिए ओडिशा जाने लगे।

इसी दौरान अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से दोनों भाइयों ने गांजा तस्करी का अवैध कारोबार शुरू किया। वे ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से एक बार में लगभग 10 से 20 किलोग्राम गांजा खरीदकर लाते और अपने घर में छिपाकर रखते थे।

पुलिस की तलाशी में लोहे की पेटी एवं दीवान के अंदर छिपाकर रखे गए 134 पैकेटों में कुल 136.56 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत ₹68 लाख 27 हजार 800 बताई गई है।

138.551 किलो गांजा सहित ₹85.72 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस की कार्रवाई में कुल 138.551 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹69 लाख 27 हजार 550 है, बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CQ 1575, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 BF 9607, चार मोबाइल फोन एवं ₹13 हजार नगद भी जब्त किए गए।

जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य ₹85 लाख 72 हजार 550 बताया गया है।

चार आरोपी गिरफ्तार, धारा 29 एनडीपीएस एक्ट भी जोड़ी गई

प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:

भीषम सतनामी, पिता शत्रुघन सतनामी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम अरकार, थाना सनौद, जिला बालोद।

कामता प्रसाद कोसरे, पिता स्व. बलराम कोसरे, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम अरकार, थाना सनौद, जिला बालोद।

ओमप्रकाश पटेल, पिता पुनाराम पटेल, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम खप्परवाड़ा, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद।

कुलेश्वर पटेल, पिता पुनाराम पटेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम खप्परवाड़ा, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद।

प्रकरण में विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीबद्ध अपराध में धारा 29 एनडीपीएस एक्ट भी जोड़ी गई है। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है।

कार्रवाई में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना सनौद के निरीक्षक सोनसिंग सोरी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उपनिरीक्षक नंद कुमार साहू एवं विश्वजीत मेश्राम, प्रधान आरक्षक हीरदेराम कोलियारा एवं रामप्रसाद भुआर्य, आरक्षक गौकरण यादव, टिकेन्द सोरी, दमन वर्मा, टिकेश साहू, लोकेश सिन्हा, गोविन्द साहू, किरण यदु, पिलेश्वर कंवर तथा महिला आरक्षक टिकेश्वरी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सायबर सेल बालोद से सहायक उपनिरीक्षक धरम भुआर्य (सायबर सेल प्रभारी), प्रधान आरक्षक भुनेष्वर मरकाम, विवेक शाही, रूमलाल चुरेन्द्र तथा आरक्षक आकाश सोनी, भोपसिंह साहू, राहुल मनहरे, संदीप यादव, आकाष दुबे, पुरन देवागंन, मिथलेष यादव, गुलजारी साहू एवं योगेश पटेल का भी सराहनीय योगदान रहा।

बालोद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!