बालोद। शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरदार पटेल मैदान के साथ ही पुराना बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर के पास भी हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग उठी है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद बालोद के वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद दीपक कुमार, एल्डरमैन नितेश वर्मा, पूर्व एल्डरमैन विनोद जैन एवं रंजन कुलदीप ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर दोनों स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि जिला खनिज संस्थान न्यास के अंतर्गत 17 अक्टूबर 2025 को सरदार पटेल मैदान में 5.97 लाख रुपये की लागत से हाईमास्ट लाइट लगाने की प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। सरदार पटेल मैदान शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा खेल गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। वहीं बुजुर्ग एवं अन्य नागरिक सुबह-शाम टहलने और समय बिताने पहुंचते हैं। इसके अलावा यहां विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। ऐसे में मैदान के विस्तृत क्षेत्र को देखते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जरूरी है।










