कुसुमकसा मंडल के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 930 मानपुर चौक में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री की शिकायत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा निकाला। योगेंद्र सिन्हा के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया गया कि मानपुर चौक में दिनदहाड़े कुसुमकसा और घोटिया भट्टी से शराब लाकर बेची जा रही है। इस जगह शराबियों का अड्डा बन गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण यहां से रोजाना 300 से 400 ट्रक गुजरते हैं। ट्रक ड्राइवर यहीं से शराब खरीदकर नशे की हालत में वाहन चलाते हैं, जिसके कारण बालोद जिले में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों की सबसे बड़ी परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चे और महिलाएं हैं। रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे साइकिल से दल्ली राजहरा पढ़ने जाते हैं। शराबियों की मौजूदगी के कारण उन्हें आने-जाने में असहजता होती है। दल्ली राजहरा मंडल और पदाधिकारियों द्वारा पहले भी कई बार थाना प्रभारी को शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी को लेकर आज कार्यकर्ताओं ने थाना का घेराव किया और इस पूरे मामले पर जवाब मांगा।
योगेंद्र सिन्हा ने कहा कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध कारोबार चल रहा है। उन्होंने 7 दिन के भीतर मानपुर चौक से अवैध शराब बिक्री पूरी तरह बंद करने की मांग की। चेतावनी दी गई कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो कुसुमकसा मंडल के सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सामूहिक रूप से मानपुर चौक में धरने पर बैठेंगे। इसकी पूरी जवाबदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान मितेन्द्र वैष्णव, पोषण भुआर्य, कुंती देवांगन, सुनीता गुप्ता, आशा आर्य, हेमंत साहू, सचिन साहू, पूरन करपल, ललित पटेल और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।