
बालोद। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय मंत्री विनोद जैन मोनू ने केंद्र सरकार द्वारा संसद मे पेश किए गए सख्त पेपर लीक कानून का स्वागत करते हुए कहा कि यह कानून देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि वर्षों से पेपर लीक माफिया प्रतिभाशाली युवाओं की मेहनत और सपनों के साथ खिलवाड़ करते रहे हैं, ऐसे में दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मजबूत कानून की आवश्यकता थी।
विनोद जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कठोर कानून बनाया है, जिससे पेपर लीक कराने वाले गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक सहयोग करने के बजाय संसद में हंगामा कर कानून का विरोध किया। यह विरोध उन लाखों युवाओं की भावनाओं के विपरीत है, जो वर्षों से पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
विनोद जैन ने कहा कि शिक्षा और रोजगार जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीति करने के बजाय सभी दलों को देश के युवाओं के हित में सरकार का सहयोग करना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी का स्पष्ट मानना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूर्ण विराम लगना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केंद्र सरकार के इस ऐतिहासिक निर्णय का पूर्ण समर्थन करती है तथा विश्वास व्यक्त करती है कि इस कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता और अधिक मजबूत होगी तथा युवाओं का विश्वास सुदृढ़ होगा।
Related Posts
September 10, 2026
September 5, 2026
September 2, 2026