
बालोद।
बालोद जिले से वन विभाग और पुलिस कार्यवाही को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। वनरक्षक हिमांशु यादव के निलंबन मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है।
हाल ही में डौंडी क्षेत्र के धोबनी गांव में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने अवैध रूप से लकड़ी ले जा रहे एक वाहन को पकड़ा था। इस मामले में डीएफओ (DFO) अभिषेक अग्रवाल ने वनरक्षक हिमांशु यादव पर लापरवाही बरतने और कार्यवाही न करने का आरोप लगाते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया था।
निलंबन की कार्यवाही के बीच, वनरक्षक हिमांशु यादव ने अब तस्करी करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ताजा जानकारी के अनुसार वनरक्षक ने लकड़ी तस्कर पोषण सोनकर और वाहन चालक के खिलाफ डौंडी थाने में मामला दर्ज कराया है। वनरक्षक का आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और उन्हें चकमा देकर मौके से गाड़ी लेकर भाग निकले। हिमांशु यादव का पक्ष है कि उन्होंने ड्यूटी निभाई थी, लेकिन तस्करों की दबंगई के कारण वाहन हाथ से निकल गया।
दो दिन पहले धोबनी गांव में जब ग्रामीणों ने अवैध लकड़ी का परिवहन पकड़ा था, तब वन विभाग की टीम के मौके पर न पहुंचने या ढुलमुल रवैया अपनाने की बात सामने आई थी। इसी आधार पर विभाग ने अनुशासनहीनता मानते हुए वनरक्षक को निलंबित किया था।
अब पुलिस की जांच में यह साफ होगा कि क्या वनरक्षक वाकई तस्करों से मिला हुआ था या फिर तस्करों ने जबरन भागकर उसे इस स्थिति में फंसाया। पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद अब वन विभाग की विभागीय जांच पर भी इसका असर पड़ सकता है।
Related Posts
August 20, 2026
August 14, 2026
August 13, 2026