
बालोद।
बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे 930 पर जमहिटोल प्लाजा और गुजरा गांव के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और एक युवक का चेहरा बुरी तरह कुचल गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों में एक युवक की पहचान डोमेन्द्र यादव, निवासी ग्राम गुजरा के रूप में हुई है। दूसरे युवक का चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण खबर लिखे जाने तक पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि फरार ट्रक चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
Related Posts
April 20, 2026
April 14, 2026
April 12, 2026