
बालोद।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं बोर्ड परिणाम आने के बाद अब शिक्षा विभाग का सख्त रवैया देखने को मिल रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर अब शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बालोद जिले के 11 प्राइवेट स्कूलों को नोटिस थमाया है। जिसके चलते अब सभी स्कूलों पर मान्यता रद्द होने का खतरा मंडराने लगा है।
दरअसल 29 अप्रैल को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दसवीं और बारहवीं बोर्ड का परिणाम जारी किया है। परिणाम सामने आने के बाद बालोद जिला दसवीं में 29वें नम्बर पर फिसल गया। जिसके चलते बालोद में शिखा विभाग की भारी किरकिरी हुई तो वहीं बालोद जिले की शिक्षा व्यवस्था पर कई तरह के सवाल उठने लगे।
खराब परिणाम को देखकर बालोद जिले की कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने शिक्षा विभाग के जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाई। कलेक्टर की फटकार के बाद अब शिक्षा विभाग का एक्शन सामने आया जहां जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने जिले के 11 निजी स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन सभी स्कूलों का 10वीं बोर्ड का रिजल्ट खराब रहा है। डीईओ द्वारा जारी नोटिस में सभी 11 स्कूल संचालकों को 4 मई को कार्यालय में उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है। नोटिस में स्कूलों से खराब परिणाम के कारणों पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि स्कूलों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें मान्यता रद्द करने तक की कार्रवाई शामिल है।
इन स्कूलों पर गिर सकती है गाज
बालोद जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने गुरुकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (हिंदी) बालोद, सर्वोदय अंग्रेजी माध्यम हाई स्कूल गुरूर, साईं शिशु मंदिर गुण्डरदेही, नेताजी सुभाष चंद्र बोस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अर्जुन्दा, नेहरू विद्यालय भटगांव बी, श्री राम विद्या मंदिर पैरी, गुरुनानक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दल्ली राजहरा, साईं शिशु मंदिर दल्ली राजहरा, गांधी विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दल्ली राजहरा, विवेकानंद हाई स्कूल डौंडी, प्रगति विद्या मंदिर डौंडी लोहारा को नोटिस जारी किया है।
Related Posts
July 31, 2026
July 29, 2026
July 28, 2026