Skip to main content

Sachkaaina

Home / बालोद / 14वीं वाहिनी धनोरा में वृहद पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर हरित परिसर का दिया संदेश

14वीं वाहिनी धनोरा में वृहद पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर हरित परिसर का दिया संदेश

बालोद, 02 सितंबर 2026। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14वीं वाहिनी (भा.र.) छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, धनोरा, जिला-बालोद के वाहिनी परिसर में वृहद पौधारोपण अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे रोपे गए।

अभियान के तहत मुख्य रूप से नीम, पीपल, बरगद, कटहल एवं आम के पौधों का रोपण किया गया। इस पहल का उद्देश्य वाहिनी परिसर को अधिक हरा-भरा बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इकाई की सेनानी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। पेड़ न केवल हमें स्वच्छ वायु प्रदान करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा, देखभाल एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए इकाई स्तर पर पौधों को नियमित पानी देने, उनकी सुरक्षा के लिए बाड़ लगाने तथा निरंतर निगरानी की जिम्मेदारी तय की गई है।

इस अवसर पर इकाई के सहायक सेनानी/एड्ज्यूटेंट श्री किशोरी लाल वर्मा, कंपनी प्रभारी/सुबेदार श्री बीरेन्द्र सिंह, क्वार्टर मास्टर श्री वैद्यनाथ बंजारे, प्रभारी परिवहन शाखा श्री अरविंद सिंह जादौन, प्रशिक्षु प्लाटून कमांडर, कार्यालयीन स्टाफ सहित वाहिनी मुख्यालय में पदस्थ बल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!