छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आमतौर पर जहां शराब दुकानों को बंद कराने के लिए महिलाएं और ग्रामीण विरोध-प्रदर्शन करते हैं, वहीं डोंगरगढ़ जनपद के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत चारभांटा में ग्रामीणों की मांग पर नई मदिरा दुकान की शुरुआत की गई है।
इतना ही नहीं, इस दुकान का उद्घाटन बकायदा एक भाजपा नेत्री द्वारा लाल फीता काटकर और विधि-विधान से पूजा-पाठ करके किया गया। संभवतः छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह ऐसा पहला मौका होगा जब किसी भाजपा नेत्री ने अपने समर्थकों और जनप्रतिनिधियों के साथ मदिरा दुकान का भव्य शुभारंभ किया हो।
पंचायत भवन में शुरू हुई दुकान, विधि-विधान से हुआ उद्घाटन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव जिला अंतर्गत ग्राम चारभांटा में नवीन देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान का संचालन पंचायत द्वारा निर्मित एक भवन में प्रारंभ कर दिया गया है। दुकान के शुभारंभ के अवसर पर जिला पंचायत सदस्य, सरपंच, ग्राम पटेल, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी की मौजूदगी में बकायदा पूजा-पाठ कर और फीता काटकर दुकान को जनता के लिए खोला गया।
’सुबह-सुबह आते थे फोन, ग्रामीणों की बड़ी डिमांड हुई पूरी’ उद्घाटन के दौरान भाजपा नेत्री ने बकायदा दो मिनट का भाषण भी दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की एक बहुत बड़ी मांग (डिमांड) आज पूरी हो गई है। उन्होंने यह भी साझा किया कि लोग सुबह-सुबह ही शराब दुकान खुलवाने के लिए फोन किया करते थे। इसके साथ ही उन्होंने मंच से ग्रामीणों से अपील की कि वे अब दुकान से शराब खरीदकर सीधे अपने घर जाएं और घर पर ही बैठकर पिएं, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर कोई अशांति न हो।
ग्राम पंचायत ने कलेक्टर और आबकारी विभाग को लिखा ‘आभार पत्र’
इस नई दुकान के खुलने से पूरा गांव बेहद खुश नजर आ रहा है। ग्राम पंचायत चारभांटा की ओर से दिनांक 05.06.2026 को राजनांदगांव के जिलाधीश (कलेक्टर) और सहायक आयुक्त आबकारी के नाम एक लिखित आभार पत्र जारी किया गया है।
पत्र में ग्रामीणों ने लिखा है:
”हमारे गांव में हमारी मांग के अनुरूप आपके द्वारा शासकीय मदिरा दुकान संचालित किया गया है, जिससे गांव में हो रही अवैध शराब बिक्री और अवैध वसूली पर पूरी तरह से रोक लग गई है। अब उचित मूल्य पर और बेहद सरलता से शराब मिल रही है, जिससे हम सब ग्रामीण बहुत खुश हैं। इसके लिए हम सब निवासी ग्राम चारभांटा आपका बहुत-बहुत आभार व्यक्त करते हैं।”
इस पत्र में जिला पंचायत सदस्य (श्रीमती अनीता मंडावी जी), जनपद पंचायत डोंगरगढ़ सदस्य (श्री अशोक नेताम जी), चारभांटा की सरपंच (अनीता अहिरवार), ग्राम पटेल और दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान मौजूद हैं।
अवैध शराब पर लगाम लगाने की अनूठी पहल
जहाँ एक तरफ आबकारी विभाग राजस्व बढ़ाने और अवैध शराब की तस्करी रोकने के प्रयास में रहता है, वहीं चारभांटा गांव के इस कदम ने सबको चौंका दिया है। ग्रामीणों का मानना है कि शासकीय दुकान खुलने से कोचियों (अवैध शराब बेचने वालों) का आतंक खत्म होगा और लोगों को सही दाम पर सुरक्षित चीज मिल सकेगी। क्षेत्र में इस अनोखे उद्घाटन और आभार पत्र की चर्चा चारों तरफ जोरों पर है।